• Home
  • News
  • Salman agha century in Vain As Bangladesh beat Pakistan by 11 runs in third odi win Series by 2-1

BAN VS PAK: सलमान आगा का शतक भी काम नहीं आया, पाकिस्तान की बांग्लादेश में भारी 'बेइज्जती'

बांग्लादेश ने पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 291 रन का लक्ष्य रखा था, पाकिस्तान की टीम 50 ओवर में 279 रन के स्कोर पर ढेर हो गई.

Edited By : Akhilesh Tripathi |Mar 15, 2026, 10:57 PM IST

Published On Mar 15, 2026, 10:57 PM IST

Last UpdatedMar 15, 2026, 10:57 PM IST

BAN VS PAK 3rd ODI

BAN VS PAK 3rd ODI

BAN VS PAK: तंजीद हसन के शतक के बाद तस्कीन अहमद के फोर विकेट हॉल की मदद से बांग्लादेश ने रविवार को शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे मैच में पाकिस्तान को 11 रन से हरा दिया. इसी के साथ बांग्लादेश की टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है. टी-20 वर्ल्ड कप के बाद पाकिस्तान की टीम को एक और शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है.

बांग्लादेश की टीम ने सीरीज के पहले मैच को 8 विकेट से अपने नाम किया था, इसके बाद पाकिस्तान ने अगले मुकाबले में डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 128 रन से जीत हासिल की थी. तंजीद हसन को प्लेयर ऑफ द मैच के साथ- साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया. नाहिद राणा भी संयुक्त रुप से प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे.

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी बांग्लादेशी टीम ने 5 विकेट खोकर 290 रन बनाए. सैफ हसन और तंजीद हसन की सलामी जोड़ी ने 18.1 ओवरों में 105 रन की साझेदारी की. सैफ 55 गेंदों में 3 चौकों के साथ 36 रन बनाकर आउट हुए. यहां से तंजीद ने नजमुल हुसैन शांतो के साथ दूसरे विकेट के लिए 67 गेंदों में 53 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 158 के स्कोर तक पहुंचाया. नजमुल ने 27 रन की पारी खेली.

तंजीद ने जड़ा करियर का पहला इंटरनेशनल शतक

यहां से तंजीद ने लिटन दास के साथ तीसरे विकेट के लिए 36 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 194 के स्कोर तक पहुंचा दिया. तंजीद 107 गेंदों में 7 छक्कों और 6 चौकों के साथ 107 रन बनाकर आउट हुए। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक रहा.

तौहीद हिरदॉय ने लिटन दास के साथ चौथे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया. लिटन दास 41 रन बनाकर आउट हुए,जबकि तौहीद ने 44 गेंदों में 48 रन की नाबाद पारी खेली. पाकिस्तान के लिए हारिस रऊफ ने 52 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट लिए. शाहीन अफरीदी और अबरार अहमद को 1-1 सफलता हाथ लगी.

विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम 279 रन पर सिमट गई. पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही. इस टीम ने 82 के स्कोर तक 5 विकेट खो दिए थे, यहां से सलमान आगा ने साद मसूद के साथ छठे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 161 के स्कोर तक पहुंचाया.

सलमान आगा ने भी जड़ा शतक

साद 44 गेंदों में 38 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद सलमान आगा ने मोर्चा संभाला. उन्होंने फहीम अशरफ के साथ 48 रन, जबकि शाहीन अफरीदी के साथ 52 रन की साझेदारी करते हुए टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया, लेकिन जीत नहीं दिला सके. सलमान आगा ने 98 गेंदों में 4 छक्कों और 9 चौकों के साथ 106 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान अफरीदी ने 37 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. बांग्लादेश से तस्कीन अहमद ने 49 रन देकर सर्वाधिक चार विकेट हासिल किए. मुस्तफिजुर रहमान ने तीन विकेट चटकाए. नाहिद राणा को दो सफलता मिली, जबकि रिशद हुसैन को एक विकेट मिला.

48वें ओवर में तस्कीन अहमद के ओवर में सलमान आगा का विकेट गिरते ही पाकिस्तान की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई. पाकिस्तान को आखिरी दो ओवर में 28 रन बनाने थे और उसके दो विकेट शेष थे, शाहीन अफरीदी ने कुछ धमाकेदार शॉट लगाए, मगर टीम टारगेट से दूर रह गई. आखिरी ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 14 रन बनाने थे, रिशाद हुसैन के इस ओवर में सिर्फ दो रन बने और आखिरी गेंद पर अफरीदी आउट भी हुए. पाकिस्तान की टीम 50 ओवर में 279 रन के स्कोर पर ऑल आउट हो गई.

Editor's Pick