- Home
- Photos
- किरण नवगिरे ने रचा इतिहास, महिला टी20 में लगाया सबसे तेज शतक, सोफी डिवाइन का रिकॉर्ड टूटा
किरण नवगिरे ने रचा इतिहास, महिला टी20 में लगाया सबसे तेज शतक, सोफी डिवाइन का रिकॉर्ड टूटा
Published On Oct 18, 2025, 11:28 AM IST
Last UpdatedOct 18, 2025, 11:28 AM IST
महिला टी20 ट्रॉफी में नवगिरे ने 34 गेंदों में शतक लगाया और 35 गेंदों पर 106 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली, नवगिरे का शतक 300 से अधिक स्ट्राइक रेट से आया, जो एक रिकॉर्ड है.
किरण नवगिरे ने सोफी डिवाइन का रिकॉर्ड तोड़ा
पूर्व में महिला टी20 का सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन के नाम था. सोफी डिवाइन ने जनवरी 2021 में ओटागो के खिलाफ वेलिंगटन के लिए 36 गेंदों पर शतक लगाया था, उस पारी में डिवाइन ने 38 गेंदों में नाबाद 108 रन बनाए थे.
नवगिरे ने पारी में लगाए 14 चौके और सात छक्के
नवगिरे के सामने पंजाब की गेंदबाज बेहद साधारण और असहाय नजर आईं. नवगिरे की आक्रामकता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दूसरे विकेट के लिए मुक्ता नागरे के साथ उन्होंने 103 रन की नाबाद साझेदारी की, इसमें मुक्ता के सिर्फ 6 रन थे, नवगिरे ने अपनी पारी में 14 चौके और सात छक्के जड़े.
नागालैंड के खिलाफ 35 छक्के लगाकर चर्चा में आई थी
पुणे से लगभग 200 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के मिरे की रहने वाली नवगिरे ने पहली बार महिला टी20 ट्रॉफी के 2022 संस्करण के दौरान सबका ध्यान अपनी ओर खींचा था, जब उन्होंने नागालैंड के लिए 35 छक्के लगाए थे, वह अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 76 गेंदों में 162 रनों की पारी के दौरान महिला टी20 मैच में 150 से अधिक का स्कोर बनाने वाली पहली भारतीय भी बनीं.
महिला एशिया कप के बाद भारतीय टीम से बाहर हैं नवगिरे
बड़े शॉट लगाने की क्षमता ने किरण नवगिरे को 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ चेस्टर ली-स्ट्रीट में भारत के लिए पदार्पण का मौका दिलाया था. अक्टूबर 2022 में खेले गए महिला एशिया कप के बाद से उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं मिली है, वह भारत के लिए छह मैच खेल चुकी हैं.
WPL में यूपी वॉरियर्स के लिए खेलती हैं किरण नवगिरे
विमेंस प्रीमियर लीग में वह यूपी वॉरियर्स के लिए खेलती हैं और तीन सीजन की 24 पारियों में 419 रन बना चुकी हैं. नवगिरे भविष्य में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी की तरह बनना चाहती हैं.