जस्सी भाई की कमी खली, अगर वह होते तो... मोहम्मद सिराज का बयान दिल जीत लेगा
Published On Aug 05, 2025, 02:56 PM IST
Last UpdatedAug 05, 2025, 02:56 PM IST
सिराज ने कैच ड्रॉप का जिक्र करते हुए कहा, ऊपर वाले ने हमारे लिए कुछ और ही सोच रखा था, वह हमें सोमवार को स्टेडियम तक ले आया और नतीजा सबके सामने है.
ओवल में भारत की जीत के हीरो रहे मोहम्मद सिराज
सिराज ने ओवल में पांचवें टेस्ट की दूसरी पारी में पांच विकेट लिए, जिससे भारत ने सोमवार को रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को छह रन से हराकर सीरीज 2-2 से बराबर कर ली. सिराज ने मैच में नौ विकेट लेकर न केवल ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार जीता, बल्कि अपने प्रशंसकों से भी खूब प्रशंसा बटोरी.
मुझे जस्सी भाई और खुद पर विश्वास है: सिराज
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा पोस्ट किए गए एक वीडियो में भावुक सिराज ने कहा, हर बल्लेबाज, हर गेंदबाज (जिसने टेस्ट खेला), उसे मैं सलाम करता हूं, जिस तरह से हमने वापसी की वह शानदार थी, मुझे जस्सी (बुमराह) भाई की याद आती है क्योंकि अगर वह वहां होते तो यह खास होता, मुझे जस्सी भाई और खुद पर विश्वास है.
जसप्रीत बुमराह ने तीन टेस्ट में लिए 14 विकेट
बुमराह ने अपने कार्यभार प्रबंधन के कारण पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच में नहीं खेल पाए थे, उन्हें चौथे टेस्ट मैच के बाद टीम से रिलीज कर दिया गया था. बुमराह ने इंग्लैंड सीरीज में कुल तीन टेस्ट मैच खेले और 14 विकेट अपने नाम किए.
‘जीत के बाद जो भावनाएं मेरे अंदर हैं, मैं उन्हें शब्दों में बयां नहीं कर सकता’
रविवार को हैरी ब्रुक का कैच छोड़ने के बाद सिराज आखिरी दिन पूरी तरह से प्रतिबद्ध नज़र आए, सोमवार को सुबह के सत्र में उन्होंने जो भी गेंद फेंकी, उसने इंग्लैंड के बल्लेबाजों को परेशान किया. उन्होंने कहा, ईमानदारी से कहूं तो, इस समय (जीत के बाद) जो भावनाएं मेरे अंदर हैं, मैं उन्हें शब्दों में बयां नहीं कर सकता, क्योंकि कल (रविवार को) मैंने कैच छोड़ दिया था. जब मैं (चौथे दिन के बाद) सोने जा रहा था, तो मैं बस यही सोच रहा था कि मैंने ऐसा कैसे कर दिया.
‘ऊपर वाले ने हमारे लिए कुछ और ही सोच रखा था’
सिराज ने कहा, अगर मैंने वह कैच ले लिया होता, तो हमें सोमवार को मैदान पर आकर खेलने की ज़रूरत नहीं पड़ती, हम आराम कर रहे होते, लेकिन ऊपर वाले ने हमारे लिए कुछ और ही सोच रखा था, वह हमें सोमवार को स्टेडियम तक ले आया और नतीजा सबके सामने है.