×

हार्दिक पांड्या ने रचा इतिहास, T20I में बनाया सबसे बड़ा कीर्तिमान, दिग्गज खिलाड़ी को पीछे छोड़ा

पांचवें टी-20 मैच में हार्दिक पांड्या ने पहली ही गेंद से आक्रामक तेवर दिखाया और सिर्फ 16 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 20, 2025 10:55 AM IST

Hardik Pandya Creates History: भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांडया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांचवें टी-20 मैच में बड़ी उपलब्धि हासिल की. पांड्या ने 25 गेंदों पर पांच छक्कों और पांच चौकों की मदद से 63 रन की विस्फोटक पारी खेली. इसके साथ ही उन्होंने टी-20 इंटरनेशनल में 2000 रन पूरे कर लिए हैं. इस पारी के साथ उन्होंने ऐसा कारनामा किया है जो आज तक कोई भारतीय खिलाड़ी नहीं कर सका था.

अहमदाबाद में खेले गए पांचवें टी-20 मैच में हार्दिक पांड्या ने पहली ही गेंद से आक्रामक तेवर दिखाया और सिर्फ 16 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो भारत के लिए T20I में दूसरा सबसे तेज़ अर्धशतक है. भारत के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम है, जिन्होंने 2007 में डरबन में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ 12 गेंदों में यह कारनामा किया था. इस साल मुंबई में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ अभिषेक शर्मा 17 गेंदों के अर्धशतक के साथ लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं.

युवराज के इस रिकॉर्ड से आगे निकले पांड्या

इस मैच में हार्दिक पांड्या ने बल्ले के साथ ही गेंद से अपने बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत युवराज सिंह का एक रिकॉर्ड तोड़ दिया. अंतरराष्ट्रीय टी20 में यह चौथा मौका था जब हार्दिक पांड्या ने अर्धशतक लगाने के साथ ही एक या उससे अधिक विकेट लिए, इस मामले में उन्होंने युवराज सिंह को पीछे छोड़ा. युवराज ने टी20 में तीन बार फिफ्टी लगाने के साथ ही 1 या उससे अधिक विकेट लिए थे. विराट कोहली और शिवम दुबे भी 2-2 बार यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं. उन्हें उनकी इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.

अहमदाबाद में हार्दिक पांड्या ने रचा इतिहास

हार्दिक ने इस मैच में टी-20 इंटरनेशनल में 2000 रन पूरे कर लिए. वह पुरुष T20I में 2000 रन व 100 विकेट का डबल पूरा करने वाले केवल पांचवें ऑलराउंडर बने. उनसे पहले वीरनदीप सिंह (मलेशिया), सिकंदर रज़ा (ज़िम्बाब्वे), शाकिब अल हसन (बांग्लादेश) और मोहम्मद नबी (अफ़ग़ानिस्तान) यह कारनामा कर चुके हैं. हार्दिक पांड्या ने इस उपलब्धि के साथ इतिहास भी रचा है. वह ऐसा करने वाले पहले तेज गेंदबाज के साथ- साथ पहले भारतीय खिलाड़ी भी बने हैं.

क्या रहा मैच का हाल ?

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने तिलक वर्मा के 73, हार्दिक पांड्या के 63, सैमसन के 37, और अभिषेक शर्मा के 34 रन की बदौलत 8 विकेट पर 231 रन बनाए. साउथ अफ्रीका 20 ओवर में 8 विकेट पर 201 रन बना सकी और मैच को 30 रन से गंवा दिया. साउथ अफ्रीका के लिए क्विंटन डि कॉक ने सर्वाधिक 65 रन बनाए. भारत के लिए वरुण चक्रवर्ती ने सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए. भारतीय टीम ने सीरीज पर 3-1 से कब्जा किया.