जो विराट, रोहित नहीं कर सके, उसे राहुल ने कर दिखाया, आईपीएल में बना नया कीर्तिमान
Published On May 02, 2026, 04:03 PM IST
Last UpdatedMay 02, 2026, 04:03 PM IST
KL Rahul ने जयपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 40 गेंदों पर 75 रन की पारी खेली थी. इस पारी में उन्होंने पांच छक्के लगाए. इसके साथ ही केएल राहुल के नाम एक बेहद खास रिकॉर्ड दर्ज हो गया.
केएल राहुल ने छक्कों का कीर्तिमान बनाया
राहुल आईपीएल 2026 के 9 मैचों की 9 पारियों में एक शतक और तीन अर्धशतक लगाते हुए 433 रन बनाए हैं.
राहुल ने छक्कों के साथ एक बड़ा कीर्तिमान बनाया है और वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं.
राहुल ने रोहित और विराट को पीछे छोड़ा
केएल राहुल आईपीएल में बतौर ओपनर 200 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. राहुल ने बतौर ओपनर आईपीएल में 200 छक्के के आंकड़े को पार कर लिया है, उनके नाम 201 छक्के हो गए हैं, भारतीय दिग्गज विराट कोहली ने बतौर ओपनर 192 और रोहित शर्मा ने बतौर ओपनर 148 छक्के लगाए हैं. शिखर धवन 143 छक्के लगाकर भारतीय ओपनरों में चौथे स्थान पर हैं.
ओवरऑल ऐसा करने वाले तीसरे खिलाड़ी
वहीं आईपीएल में बतौर ओपनर सर्वाधिक छक्के लगाने वाली ओवर ऑल सूची में राहुल तीसरे नंबर पर हैं. क्रिस गेल (326 छक्के) पहले और डेविड वॉर्नर (210 छक्के) दूसरे स्थान पर हैं.
पंजाब किंग्स के खिलाफ बनाया था सबसे बड़ा स्कोर
राहुल ने इसी सीजन में पंजाब किंग्स के खिलाफ 67 गेंदों पर 9 छक्कों और 16 चौकों की मदद से नाबाद 152 रन की पारी खेली थी. यह आईपीएल में किसी भी भारतीय बल्लेबाज का सर्वाधिक स्कोर है. वहीं आईपीएल का तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है.
केएल राहुल ने आईपीएल में जड़े हैं छह शतक
केएल राहुल के आईपीएल करियर पर नजर डालें तो उन्होंने ओपनिंग के अलावा मध्यक्रम में भी बल्लेबाजी की है. 2013 से अब तक खेले कुल 154 मैचों की 145 पारियों में 6 शतक और 43 अर्धशतक लगाते हुए उन्होंने कुल 5,655 रन बनाए हैं. इस दौरान 232 छक्के और 494 चौके उनके बल्ले से निकले हैं.