- क्रिकेट न्यूज़
- Photos
- भारत के फैसले पर तिलमिलाया पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड, कहा- अब भविष्य में कभी भी...
भारत के फैसले पर तिलमिलाया पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड, कहा- अब भविष्य में कभी भी...
Published On Aug 03, 2025, 01:57 PM IST
Last UpdatedAug 03, 2025, 01:57 PM IST
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 (WCL 2025) के फाइनल में पाकिस्तान चैंपियंस को साउथ अफ्रीका चैंपियंस के हाथों हार का सामना करना पड़ा. पीसीबी ने टूर्नामेंट के आयोजकों पर...
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में हिस्सा नहीं लेगी पाकिस्तान
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने घोषणा की है कि वह भविष्य में वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (डब्ल्यूसीएल) में भाग लेने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा रहा है. पीसीबी ने बताया कि मोहसिन नकवी की अध्यक्षता में वर्चुअल रूप से आयोजित 79वीं बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (बीओजी) बैठक के दौरान डब्ल्यूसीएल के व्यवहार पर गंभीर निराशा जताई गई.
WCLसंस्था पर पक्षपात और दोहरापन का आरोप लगाया
पाकिस्तान क्रिकेट की संचालन संस्था के अनुसार, भारत लीजेंड्स ने पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले से हटने के फैसले के बाद डब्ल्यूसीएल के बयानों और कार्यों में स्पष्ट रूप से पक्षपात और दोहरापन दिखाई दिया. पीसीबी ने कहा कि जानबूझकर मैच से हटने वाली टीम को अंक दिए जाना और भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले लीजेंड्स मुकाबले को रद्द करने संबंधी प्रेस रिलीज, दोनों ही पक्षपातपूर्ण और पाखंड से भरे थे. पीसीबी ने कहा, “जारी की गई प्रेस रिलीज में जिस तरह ‘खेल के जरिए शांति’ की बात चुनिंदा तरीके से की गई है, वह दोहरापन दर्शाता है, इससे यह भी स्पष्ट होता है कि खेल आयोजनों को राजनीतिक स्वार्थ और सीमित व्यावसायिक हितों के अधीन कर दिया गया है.
हमें मजबूरी में कड़ा रुख अपनाना पड़ रहा है: पीसीबी
बयान में आगे कहा गया, इस दुर्भाग्यपूर्ण घटनाक्रम के मद्देनजर, जो बाहरी दबावों के स्पष्ट और असहनीय प्रभाव तथा खेल की निष्पक्षता के सिद्धांतों की अवहेलना को उजागर करता है, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को मजबूरी में कड़ा रुख अपनाना पड़ रहा है, पीसीबी अब ऐसे टूर्नामेंट में भाग लेने की अनुमति नहीं दे सकता, जहां निष्पक्ष खेल भावना और स्वतंत्र संचालन जैसे मूलभूत सिद्धांत बाहरी हस्तक्षेप के कारण समझौते की भेंट चढ़ जाएं.
भारतीय खिलाड़ियों ने दो बार पाकिस्तान से खेलने से किया इनकार
शिखर धवन सहित कई भारतीय खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट के लीग चरण में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था, इसके बाद दोनों टीमों के बीच सेमीफाइनल में फिर से मुकाबला होना तय था, लेकिन भारतीय टीम ने मुकाबले से हटने का फैसला किया.
फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को मिली हार
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 (WCL 2025) के फाइनल में पाकिस्तान चैंपियंस को साउथ अफ्रीका चैंपियंस के हाथों हार का सामना करना पड़ा. एबी डिविलियर्स की तूफानी पारी (60 बॉल में नाबाद 120 रन) की मदद से साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने पाकिस्तान चैंपियंस को नौ विकेट से हराकर वर्ल्ड चैंपियनशिप और लीजेंड्स 2025 के खिताब पर कब्जा जमाया. पाकिस्तान चैंपियंस की टीम ने साउथ अफ्रीका चैंपियंस के सामने जीत के लिए 196 रन का लक्ष्य रखा था, साउथ अफ्रीका की टीम ने 16.5 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर टारगेट को हासिल कर लिया. एबी डिविलियर्स ने 60 बॉल में नाबाद 120 रन की पारी में 12 चौके और सात छक्के लगाए. वहीं जेपी डुमिनी ने 28 बॉल में 50 रन (04 चौके, 02 छक्के) की पारी खेली.