×

इन सात दिग्गज खिलाड़ियों का है आखिरी टी-20 वर्ल्ड कप, चार ने संन्यास का किया ऐलान

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट और ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर पहले ही रिटायरमेंट का ऐलान कर चुके हैं, जबकि दो ने टीम की हार के बाद संन्यास का फैसला लिया.

Trent Boult

(Image credit- ICC)

टी-20 विश्व कप 2024 के ग्रुप स्टेज के मुकाबले खत्म हो चुके हैं. न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका की टीम सुपर-8 के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी. टी-20 विश्व कप 2024 के बीच कई दिग्गज खिलाड़ियों ने संन्यास का ऐलान कर दिया, वहीं कई ऐसे खिलाड़ी भी हैं, जिनका यह आखिरी टी-20 विश्व कप हो सकता है.

01. ट्रेंट बोल्ट

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट का यह आखिरी टी-20 वर्ल्ड कप है. उन्होंने इसका ऐलान पहले ही कर दिया है. ट्रेंट बोल्ट ने न्यूजीलैंड के लिए टी-20 विश्व कप 2024 में पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ आखिरी मैच खेला है, जिसमें उन्होंने दो विकेट चटकाए.

02. डेविड वॉर्नर

ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर का यह आखिरी टी-20 वर्ल्ड कप है. डेविड वॉर्नर ने छह महीने पहले ही इसकी घोषणा की थी. डेविड वॉर्नर वनडे और टेस्ट से पहले ही रिटायर हो चुके हैं.

03. डेविड वीजे


नामीबिया के बल्लेबाज डेविड वीजे ने भी टी-20 विश्व कप 2024 के बाद संन्यास का ऐलान कर चुके हैं. नामीबिया की टीम टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के सुपर-8 में जगह नहीं बना सकी. 39 साल के डेविड वीजे ने इंग्लैंड के खिलाफ करियर का आखिरी मैच खेला. वह नामीबिया से पहले दक्षिण अफ्रीका के लिए खेलते थे.

04. साइब्रांड एंगेलब्रेक्ट

नीदरलैंड्स के साइब्रांड एंगेलब्रेक्ट ने श्रीलंका के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप 2024 का आखिरी मैच खेला. श्रीलंका के खिलाफ नीदरलैंड्स को हार मिली और नीदरलैंड्स का सुपर-8 में पहुंचने का सपना पूरा नहीं हो सका. हार के बाद साइब्रांड एंगेलब्रेक्ट ने संन्यास का ऐलान कर दिया.

05. केन विलियमसन

न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन का यह आखिरी टी-20 वर्ल्ड कप हो सकता है. केन विलियमसन ने इसके संकेत भी दिए हैं. न्यूजीलैंड के टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के बाहर होने के बाद केन विलियमसन ने टी-20 में अपनी वापसी को लेकर कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई.

06. इमाद वसीम

पाकिस्तान के ऑलराउंडर इमाद वसीम का यह आखिरी टी-20 वर्ल्ड कप हो सकता है. इमाद वसीम संन्यास से वापसी करने के बाद टी-20 वर्ल्ड कप टीम में पाकिस्तान का हिस्सा बने थे, मगर कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ सके, ऐसे में वह एक बार फिर रिटायर हो सकते हैं.

07. मोहम्मद नबी

अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी का भी यह आखिरी टी-20 वर्ल्ड कप मैच हो सकता है. मोहम्मद नबी 39 साल के हैं, वह टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं. युवा खिलाड़ियों को जगह देने के लिए नबी अलग हो सकते हैं.

Trending This Week