IPL 2026: प्रियांश आर्य- कूपर कोनोली की जोड़ी ने रचा इतिहास, पंजाब किंग्स ने तोड़ा मुंबई इंडियंस का रिकॉर्ड
Published On Apr 19, 2026, 10:10 PM IST
Last UpdatedApr 19, 2026, 10:10 PM IST
पंजाब किंग्स के बल्लेबाज प्रियांश आर्य (37 बॉल में 93 रन) और कूपर कोनोली (46 बॉल मे 87 रन) ने लखनऊ के खिलाफ धमाकेदार पारी खेली. इसके साथ ही इस जोड़ी ने इतिहास रच दिया है.
प्रियांश आर्य- कूपर कोनोली के बीच रिकॉर्ड साझेदारी
प्रियांश आर्य (37 बॉल में 93 रन) और कूपर कोनोली (46 बॉल में 87 रन) ने इस मैच में 182 रन की साझेदारी की. प्रियांश आर्य ने अपनी पारी में चार चौके और नौ छक्के लगाए. वहीं कूपर कोनोली की पारी में आठ चौके और सात छक्के शामिल थे. यह आईपीएल में लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ किसी भी विकेट लिए सबसे बड़ी साझेदारी है. इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड के नाम 2024 में 167 रन की नाबाद साझेदारी का रिकॉर्ड था.
आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी
प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली के बीच 182 रन की साझेदारी पंजाब किंग्स के लिए आईपीएल में तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है. एडम गिलक्रिस्ट और शॉन मार्श ने धर्मशाला में साल 2011 में आरसीबी के खिलाफ 211 रन की सबसे बड़ी साझेदारी की थी. दूसरे नंबर पर केएल राहुल और मयंक अग्रवाल की जोड़ी है. राहुल और मयंक ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 2020 में शारजाह में 183 रन जोड़े थे.
लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ बना सबसे बड़ा स्कोर
पंजाब किंग्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 254 रन बनाए. आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ यह सबसे बड़ा स्कोर है. इससे पहले लखनऊ के खिलाफ पंजाब के नाम ही आईपीएल में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड था. पंजाब किंग्स ने साल 2025 में धर्मशाला में 20 ओवर में पांच विकेट पर 236 रन बनाए थे.
पंजाब किंग्स ने बनाया आईपीएल का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर
पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में सात विकेट पर 254 रन बनाए जो टीम का आईपीएल में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है. पंजाब किंग्स का सबसे बड़ा स्कोर साल 2024 में आया था, जब टीम ने केकेआर के खिलाफ दो विकेट पर 262 रन बनाए थे.
पंजाब किंग्स ने तोड़ा मुंबई इंडियंस का रिकॉर्ड
न्यू चंडीगढ़ के मुल्लानपुर में खेले गए इस मैच में पंजाब किंग्स की टीम ने इस ग्राउंड का सबसे बड़ा स्कोर (254 रन) भी अपने नाम किया. पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस का रिकॉर्ड तोड़ दिया. इससे पहले मुंबई इंडियंस के नाम इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड था. मुंबई इंडियंस ने साल 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ पांच विकेट पर 228 रन बनाए थे.