श्रेयस अय्यर को बीसीसीआई ने दी भारी सजा, यह गलती पड़ी महंगी
Published On Apr 01, 2026, 02:08 PM IST
Last UpdatedApr 01, 2026, 02:08 PM IST
पंजाब ने गुजरात टाइटंस को छह विकेट से हराकर आईपीएल 2026 में जीत के साथ शुरुआत की है. पंजाब किंग्स की टीम के लिए कूपर कॉनली ने धमाकेदार पारी खेली.
श्रेयस अय्यर पर 12 लाख रुपए का जुर्माना
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मंगलवार को खेले गए आईपीएल मैच के दौरान स्लो ओवर रेट के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है.
आईपीएल की तरफ से जारी किया गया बयान
आईपीएल ने एक विज्ञप्ति में कहा, आईपीएल की न्यूनतम ओवर रेट से जुड़ी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह उनकी टीम का इस सत्र का पहला अपराध था, इसलिए अय्यर पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया.
तय समय पर नहीं पूरा हो सका 20 ओवर
श्रेयस अय्यर ने मैच के दौरान बड़ी गलती की. पंजाब किंग्स के कप्तान ने तय समय के अंदर 20 ओवर का कोटा पूरा नहीं किया, इसकी वजह से उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है.
दुबारा हुई गलती तो बढ़ेगा जुर्माना
श्रेयस अय्यर अब आगे मैच में यह गलती करते हैं तो उन पर 24 लाख का जुर्माना लगाया जाएगा. साथ ही टीम के अन्य खिलाड़ियों को भी इसका खामियाजा भुगतना होगा. बाकी खिलाड़ियों पर छह लाख रुपए या उनकी मैच फीस का 25 फीसदी जुर्माना लगाया जाएगा. अय्यर अगर इसके बाद तीसरी गलती भी करते हैं तो उन पर एक मैच का बैन भी लगाया जा सकता है.
विजयकुमार, चहल और कूपर कॉनली ने दिलाई पंजाब को जीत
तेज गेंदबाज वैशाक विजयकुमार और लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने मिलकर पांच विकेट लिए, जिससे पंजाब ने गुजरात टाइटन्स को छह विकेट पर 162 रन पर रोक दिया. पंजाब ने 19.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया, ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज कूपर कॉनली ने 44 गेंदों पर नाबाद 72 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई.