- क्रिकेट न्यूज़
- Photos
- RCB की पंजाब किंग्स पर रोमांचक जीत, तस्वीरों में देखें मैच का हाल
IPL 2024: RCB की पंजाब किंग्स पर रोमांचक जीत, तस्वीरों में देखें मैच का हाल
Published On Mar 26, 2024, 11:37 AM IST
Last UpdatedMar 26, 2024, 11:37 AM IST
बेंगलुरु: विराट कोहली (Virat Kohli) के आक्रामक अर्धशतक की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने होली के दिन अपने घरेलू मैदान पर जीत के रंग बिखेरते हुए पंजाब किंग्स को आईपीएल के रोमांचक मैच में सोमवार को चार विकेट से हरा दिया. जीत के लिये 177 रन का लक्ष्य आरसीबी ने चार गेंद बाकी रहते...
RCB को फिनिशिंग टच
आरसीबी को आखिरी 24 गेंद में 47 रन की जरूरत थी जब दिनेश कार्तिक ने दस गेंद में नाबाद 28 और ‘इंपैक्ट प्लेयर’ महिपाल लोमरोर ने आठ गेंद में नाबाद 17 रन बनाए. कार्तिक ने फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाते हुए हर्षल पटेल और अर्शदीप सिंह को छक्के जड़कर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया.
कोहली को मिला किस्मत का साथ
कोहली को अपनी पारी की पहली ही गेंद पर जीवनदान मिला और उसके बाद 33 के स्कोर पर भी वह बाल बाल बचे. दोनों बार गेंदबाज सैम करन थे. पहले ओवर में कैच छूटने के बाद उन्होंने करन को तीन और चौके जड़कर 16 रन निकाले. उन्होंने कैगिसो रबाडा को चौका और लेग स्पिनर राहुल चाहर को भी छक्का लगाया. आरसीबी के दूसरे बल्लेबाजों को जहां रबाडा और स्पिनर हरप्रीत बरार ने परेशान किया, वहीं कोहली ने खुलकर शॉट लगाए.
बरार… दमदार
बरार ने चार ओवर में सिर्फ 13 रन देकर दो विकेट लिए. बाएं हाथ के इस स्पिनर ने RCB के बल्लेबाजों को खुलकर नहीं खेलने दिया. यह चिन्नास्वामी स्टेडियम पर किसी स्पिनर का दूसरा सर्वशेष्ठ प्रदर्शन था. इससे पहले RCB के ही सैमुअल बद्री ने 2017 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 9 रन देकर चार विकेट लिए थे. कोहली की बात करें तो हर्षल पटेल ने थर्डमैन पर बरार के हाथों लपकवाया.
पंजाब के लिए धवन ने खेली कप्तानी पारी
इससे पहले कप्तान शिखर धवन और जितेश शर्मा की उपयोगी पारियों के दम पर पंजाब किंग्स ने चिन्नास्वामी स्टेडियम की उछाल लेती पिच पर छह विकेट पर 176 रन बनाए. धवन ने 37 गेंद में 45 रन बनाए जबकि जितेश ने 20 गेंद में 27 रन की पारी खेली. प्रभसिमरन सिंह ने 17 गेंद में 25 रन बनाए. RCB ने हरी भरी पिच पर टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था. आरसीबी के लिये मोहम्मद सिराज और ग्लेन मैक्सवेल ने दो-दो विकेट लिए.
सस्ते में आउट हुए बेयरस्टो
पंजाब की शुरूआत खराब रही और जॉनी बेयरस्टो जल्दी आउट हो गए. पिछले साल विश्व कप से यहां चला आ रहा उनका खराब फॉर्म जारी रहा. सिराज की गेंद पर खराब शॉट खेलकर वह कवर्स में विराट कोहली को कैच दे बैठे. पहला विकेट 17 रन पर गंवाने के बाद धवन और प्रभसिमरन ने 38 गेंद में 55 रन जोड़े. धवन काफी सहज होकर खेलते नजर आये और ढीली गेंदों को नसीहत भी दी. उन्होंने बायें हाथ के स्पिनर मयंक डागर की गेंद पर लॉन्ग ऑन में छक्का जड़ा.
मैक्सवेल ने तोड़ी साझेदारी
प्रभसिमरन ने कैमरन ग्रीन को मिडविकेट पर फ्लिक शॉट खेलकर छक्का लगाया. खतरनाक होती इस साझेदारी को मैक्सवेल ने तोड़ा जब प्रभसिमरन उन्हें पुल शॉट खेलने आगे निकले और अनुज रावत ने विकेट के पीछे उनका कैच लपक लिया.
फिफ्टी से चूके धवन
रावत ने 12वें ओवर में लियाम लिविंगस्टोन का भी कैच लपका और इस बार गेंदबाज अलजारी जोसेफ थे. अगली गेंद पर पंजाब को सबसे बड़ा झटका धवन के विकेट के रूप में मिला. वह मैक्सवेल को ऊंचा शॉट खेलने के प्रयास में लॉन्ग ऑन पर कोहली को कैच दे बैठे. पंजाब का स्कोर इस समय 12.1 ओवर में चार विकेट पर 98 रन था.
आखिरी ओवर में आए 20 रन
इसके बाद जितेश ने डागर को लगातार दो छक्के लगाए. उन्होंने करन के साथ पांचवें विकेट के लिए 34 गेंद में 52 रन जोड़कर टीम को 150 रन के पार पहुंचाया. शशांक सिंह ने जोसेफ के आखिरी ओवर में 20 रन निकाले.