- Home
- Photos
- विराट कोहली ने रचा इतिहास, पीछे छूट गए कई दिग्गज... RCB VS SRH मैच में बने सात बड़े रिकॉर्ड्स
विराट कोहली ने रचा इतिहास, पीछे छूट गए कई दिग्गज... RCB VS SRH मैच में बने सात बड़े रिकॉर्ड्स
Published On Mar 29, 2026, 10:06 AM IST
Last UpdatedMar 29, 2026, 10:06 AM IST
विराट कोहली ने इस मैच में नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली. इसके साथ ही उन्होंने कई बड़े कीर्तिमान बनाए हैं.
आरसीबी ने रचा इतिहास
आरसीबी ने जीत के लिये 202 रन के लक्ष्य के जवाब में 15.4 ओवर में चार विकेट पर 203 रन बनाए. आईपीएल के इतिहास में यह सबसे कम बॉल में 200 प्लस का सफल रन चेज है. इससे पहले साल 2025 में राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 15.5 ओवर में 200 प्लस का टारगेट चेज किया था. यह आरसीबी का सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सबसे बड़ा रन चेज भी है. इससे पहले 2023 में आरसीबी ने 187 रन का टारगेट चेज किया था.
कोहली ने रन चेज में बनाया बड़ा कीर्तिमान
विराट कोहली ने आईपीएल में रन चेज के मामले में एक और बड़ा कीर्तिमान बनाया है. कोहली ने रन चेज में 4027 रन बना लिए हैं. विराट कोहली आईपीएल में रन चेज में चार हजार या उससे अधिक रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी हैं. लिस्ट में दूसरे नंबर पर डेविड वॉर्नर हैं, जिनके नाम 3285 रन है. रोहित शर्मा ने आईपीएल में रन चेज में 3238 रन बनाए हैं.
शोएब मलिक से आगे निकले विराट कोहली
विराट कोहली ने टी-20 में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में पाकिस्तानी दिग्गज शोएब मलिक को पीछे छोड़ दिया है. आरसीबी के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने इस मैच में 29 रन बनाते ही पाकिस्तान के दिग्गज ऑलराउंडर शोएब मलिक को सर्वाधिक टी20 रन बनाने के मामले में पीछे छोड़ दिया. कोहली के नाम अब टी-20 में 13612 रन हो गए हैं. उन्होंने शोएब मलिक के 13571 रन को पीछे छोड़ा. कोहली अब छठे स्थान पर पहुंच गए हैं. टी20 में सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में क्रिस गेल पहले (14,562 रन), किरोन पोलार्ड दूसरे (14,482 रन), एलेक्स हेल्स तीसरे (14,449 रन), डेविड वॉर्नर चौथे (14,028) और जोस बटलर पांचवें स्थान पर हैं.
कोहली ने डेविड वॉर्नर को भी पीछे छोड़ा
विराट कोहली ने इस मैच में 50 प्लस का स्कोर बनाया. आईपीएल में 21वीं बार विराट कोहली ने सफल रन चेज में 50 प्लस का स्कोर बनाया है. उन्होंने डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 20 बार यह कारनामा किया था. शिखर धवन ने भी 20 बार सफल रन चेज में 50 प्लस का स्कोर बनाया है.
केएल राहुल के रिकॉर्ड को भी कोहली ने किया ध्वस्त
वहीं इसके अलावा कोहली ने आईपीएल में बतौर ओपनर भी सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया. कोहली के नाम बतौर ओपनर 182 छक्के हो गए हैं. उन्होंने केएल राहुल के 179 छक्के के रिकॉर्ड को तोड़ डाला.
देवदत्त पडिक्कल ने अर्धशतकीय पारी से बनाया रिकॉर्ड
देवदत्त पडिक्कल ने इस मैच में 21 गेंदों में अर्धशतक बनाया. SRH के खिलाफ RCB के किसी भी बल्लेबाज की तरफ से बनाई गई दूसरी सबसे तेज फिफ्टी है. इससे पहले साल 2024 में हैदराबाद में रजत पाटीदार ने 19 गेंदों में अर्धशतक बनाया था.
ईशान किशन के नाम बड़ी उपलब्धि
ईशान किशन ने इस मैच में आईपीएल में तीन हजार रन पूरे कर लिए. वह आईपीएल में सबसे कम बॉल में तीन हजार रन बनाने वाले छठे भारतीय खिलाड़ी हैं. उन्होंने तीन हजार रन 2203 बॉल में पूरे किए. उन्होंने केएल राहुल को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 2203 बॉल में यह कारनामा किया था. ऋषभ पंत (2208 बॉल) सबसे तेज तीन हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. यूसुफ पठान (2082 बॉल) दूसरे, सूर्य कुमार यादव (2130 बॉल) तीसरे, सुरेश रैना (2135 बॉल) चौथे और महेंद्र सिंह धोनी (2152 बॉल) पांचवें नंबर पर हैं.