एशिया कप से पहले फिर गरजा रिंकू सिंह का बल्ला, जड़ा तूफानी अर्धशतक
Published On Aug 27, 2025, 06:33 PM IST
Last UpdatedAug 27, 2025, 06:33 PM IST
रिंकू सिंह ने इससे पहले शतक भी जड़ा था, उन्होंने 48 बॉल में 108 रन की पारी खेली थी. बुधवार को खेले गए मैच में रिंकू सिंह ने अपनी पारी में तीन चौके और चार छक्के जड़े.
रिंकू सिंह का तूफानी अर्धशतक
उत्तर प्रदेश प्रीमियर लीग के 20वें मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने तूफानी पारी खेली. लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में में बुधवार को रिंकू सिंह ने 27 गेंदों में 57 रन बनाए. रिंकू सिंह ने 211.11 की स्ट्राइक रेट से यह रन बनाए.
रिंकू सिंह ने चौके- छक्के की बरसात की, टीम को मिली बड़ी जीत
रिंकू सिंह इस मैच में शुरुआत से ही आक्रामक नजर आए. उन्होंने चौके और छक्के की बरसात कर दी. उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और चार छक्के लगाए. उनकी इस पारी की बदौलत मेरठ मावेरिक्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 233 रन बनाए. रिंकू सिंह के अलावा रितुराज शर्मा ने 37 बॉल में 74 रन (पांच चौके, पांच छक्के) और स्वास्तिक चिकारा ने 31 बॉल में 55 रन (चार चौके, चार छक्के) की पारी खेली. भुवनेश्वर कुमार की कप्तानी वाली लखनऊ फाल्कन्स की टीम इस लक्ष्य के जवाब में 18.2 ओवर में 140 रन के स्कोर पर ढेर हो गई. यश गर्ग और जीशान अंसारी ने तीन-तीन विकेट चटकाए.
यूपी टी-20 लीग 2025 में शतक भी जड़ चुके हैं रिंकू सिंह
रिंकू सिंह इससे पहले यूपी टी-20 लीग 2025 में शतक भी जड़ चुके हैं. उन्होंने 48 बॉल में 108 रन की पारी खेली थी. उस पारी में उन्होंने सात चौके और आठ छक्के लगाए थे.
एशिया कप में रिंकू सिंह पर होगी नजरें
रिंकू सिंह एशिया कप 2025 में भारतीय टीम का हिस्सा है. यूपी टी-20 लीग में धमाकेदार प्रदर्शन से उन्होंने टीम इंडिया के प्लेइंग-11 में अपनी दावेदारी मजबूत की है और क्रिकेट फैंस की नजरें रिंकू सिंह पर होगी.
भारत के नए फिनिशर हैं रिंकू सिंह
रिंकू सिंह को भारत का नया फिनिशर कहा जा रहा है. उन्होंने भारत के लिए दो वनडे और 33 टी-20 मैच खेले हैं. दो वनडे मैच में उन्होंने 55 रन बनाए हैं. वहीं 33 टी-20 मैच में उनके नाम 546 रन है, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल है.