×

India vs Pakistan: एशिया कप के लिए हां....लेकिन द्विपक्षीय सीरीज के लिए ना, खेल मंत्रालय ने क्यों किया ऐसा?

खेल मंत्रालय ने एशिया कप में भारत और पाकिस्तान मुकाबले के लिए हामी भर दी है. हालांकि द्विपक्षीय सीरीज अभी भी नहीं होगी.

user-circle cricketcountry.com Written by Saurav Kumar
Last Updated on - August 21, 2025 6:24 PM IST

Sports Ministry on IND vs PAK: युवा मामले एवं खेल मंत्रालय ने गुरुवार को एक नई नीति जारी की, जिसमें अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों पर भारत के रुख को रेखांकित किया गया. इसके तहत भारतीय टीम को पाकिस्तान में द्विपक्षीय सीरीज खेलने की अनुमति नहीं मिलेगी. इसके साथ ही पाकिस्तानी टीम को भारत में द्विपक्षीय सीरीज खेलने की इजाजत नहीं होगी.

हालांकि, मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यह प्रतिबंध अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं की ओर से आयोजित बहुपक्षीय टूर्नामेंट्स पर लागू नहीं होता है. मंत्रालय ने अपनी आधिकारिक प्रेस रिलीज में कहा, “पाकिस्तान से जुड़े खेल आयोजनों के प्रति भारत का दृष्टिकोण उस देश के साथ व्यवहार में उसकी समग्र नीति को दर्शाता है. द्विपक्षीय संबंधों के विषय में, नीति में अस्पष्टता की कोई गुंजाइश नहीं है. जहां तक एक-दूसरे के देश में द्विपक्षीय खेल आयोजनों का संबंध है, भारतीय टीमें पाकिस्तान में प्रतियोगिताओं में भाग नहीं लेंगी. न ही हम पाकिस्तानी टीमों को भारत में खेलने की अनुमति देंगे.”

एशिया कप में होगा भारत-पाकिस्तान मुकाबला

भारतीय टीम और खिलाड़ी उन इंटरनेशनल इवेंट्स में हिस्सा ले सकते हैं, जिनमें पाकिस्तान की टीमें या खिलाड़ी शामिल हों. इसी तरह, पाकिस्तानी खिलाड़ी और टीम भारत की ओर से आयोजित बहुपक्षीय आयोजनों में हिस्सा ले सकेगी.

भारत को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए पसंदीदा वेन्यू बनाने के लिए खिलाड़ियों, टीम अधिकारियों, तकनीकी कर्मियों और अंतरराष्ट्रीय खेल शासी निकायों के पदाधिकारियों के लिए वीजा प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा. भारत यात्रा के दौरान अंतरराष्ट्रीय खेल शासी निकायों के प्रमुखों को परंपरा के अनुसार पूरा प्रोटोकॉल और सम्मान मिलेगा.

TRENDING NOW

यह घोषणा पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर की गई है, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी. इसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया था.

यूएई में एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से होने जा रही है. भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है. ग्रुप-ए में यह दोनों देश टी20 फॉर्मेट के इस टूर्नामेंट में 14 सितंबर को आमने-सामने होंगे. टीम इंडिया एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ मुकाबले के साथ करेगी. इसके बाद पाकिस्तान से हाईवोल्टेज मैच होगा. ग्रुप चरण में टीम इंडिया का अंतिम मुकाबला 19 सितंबर को ओमान से होगा.