अब कोई बाधा नहीं, वैभव सूर्यवंशी तोड़ सकते हैं सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड!
Published On Mar 27, 2026, 12:59 PM IST
Last UpdatedMar 27, 2026, 12:59 PM IST
वैभव सूर्यवंशी अब सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं. उन्हें बस अब किस्मत का साथ चाहिए. जानें क्या है पूरा मामला.
वैभव सूर्यवंशी तोड़ सकते हैं सचिन तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड, अब तो कोई ‘बाधा’ नहीं
वैभव सूर्यवंशी, साल 2025 की शुरुआत से यह नाम क्रिकेट की दुनिया में काफी सुना जा रहा है. और ऐसा हो भी क्यों न, इस खिलाड़ी ने अपने बल्ले से सारी दुनिया में धाक जो जमा रखी है. सूर्यवंशी आज अपना 15वां जन्मदिन मना रहे हैं. आईपीएल 2026 के शुरू होने से एक दिन पहले बाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने एक बड़ी बाधा पार कर ली है.
वैभव सूर्यवंशी अब भारत की सीनियर टीम में खेलने के पात्र हो चुके हैं
वैभव सूर्यवंशी अब इसी के साथ भारत की सीनियर टीम में खेलने के पात्र हो चुके हैं. 15 साल के होते ही वैभव ने वह जरूरी योग्यता हासिल कर ली है. साल 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने नियम बनाया था कि 15 साल से कम उम्र का क्रिकेटर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेल सकता. यह नियम खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए बनाया गया था.
तो अब वैभव तोड़ सकते हैं सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने एज-ग्रुप क्रिकेट में जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसके बाद वह दिन दूर नहीं लगता जब उन्हें सीनियर भारतीय टीम की जर्सी मिल जाए. अंडर-19 और आईपीएल क्रिकेट में उन्होंने कमाल का खेल दिखाया है. अगर ऐसा जल्द ही होता है तो वैभव सचिन तेंदुलकर का सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने का भारतीय रिकॉर्ड तोड़ देंगे. सचिन ने 16 साल 205 दिन की उम्र में पाकिस्तान दौरे पर अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था. वैभव अगर आईपीएल 2026 में भी अच्छा खेल दिखाते हैं तो कम-से-कम टी20 इंटरनेशनल में तो उनकी जगह बन सकती है.
किस खिलाड़ी के नाम है अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में डेब्यू का रिकॉर्ड
पाकिस्तान के हसन रजा के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे युवा खिलाड़ी के तौर पर डेब्यू करने का रिकॉर्ड है. दाएं हाथ के बल्लेबाज हसन रजा ने 14 साल 227 दिन की उम्र में अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेला था. हालांकि उनकी उम्र को लेकर तमाम सवाल भी उठे थे.
आईपीएल में सबसे युवा शतकवीर हैं वैभव सूर्यवंशी
राजस्थान रॉयल्स के इस खिलाड़ी के नाम आईपीएल के इतिहास में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड है. साल 2025 के सीजन में 14 साल की उम्र में उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ सिर्फ 35 गेंद पर शतक बना दिया था. राजस्थान रॉयल्स उन्हें आईपीएल 2026 के लिए 1.1 करोड़ रुपये में रीटेन किया है.