Virat Kohli की पारी के फैन हुए पूर्व क्रिकेटर्स, अंबाती रायडू ने कर दी सबसे बड़ी डिमांड
Published On Mar 29, 2026, 04:17 PM IST
Last UpdatedMar 29, 2026, 04:17 PM IST
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में विराट कोहली ने 38 बॉल में नाबाद 69 रन की पारी खेली. इस पारी में उन्होंने पांच चौके और पांच छक्के लगाए
विराट कोहली ने खेली नाबाद 69 रन की पारी
विराट कोहली ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में 38 बॉल में नाबाद 69 रन की पारी खेली. इस पारी में उन्होंने पांच चौके और पांच छक्के लगाए. कोहली ने इस पारी से कई रिकॉर्ड्स भी तोड़ डाले हैं.
वह लोगों को दिखा रहे हैं कि कैसे खेला जाता है: अश्विन
विराट कोहली की जमकर तारीफ करते हुए भारत के पूर्व आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि टेस्ट और वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने के बावजूद अपनी बेजोड़ ऊर्जा और जोश के दम पर जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं. अश्विन ने ‘जियोस्टार’ के शो पर कहा, वह जो कहते हैं, करके दिखाते हैं. उन्होंने कहा, ऐसा लगता है कि वह लोगों को दिखा रहे हैं कि कैसे खेला जाता है, इसे जोरदार ढंग से खेलो और वैसे ही खेलो , जैसे खेला जाना चाहिए, विराट ने जो कुछ भी किया , उस लिहाज से यह बात मेरे लिये सबसे खास रही.
कोहली ईगो को अलग रखते हैं और यह सबसे बड़ी ताकत: आकाश चोपड़ा
भारत के पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने कहा कि विराट अपनी ईगो को अलग रखते हैं और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर लिखा, कोहली की सबसे बड़ी ताकत है अपनी ईगो को किनारे रखना, अगर देवदत्त पडिक्कल जबरदस्त खेल रहे हैं, तो वह खुशी-खुशी एंकर की भूमिका में खेलने को तैयार रहते हैं, उन्होंने रजत के साथ भी ऐसा ही किया, वह कभी भी बड़ी पिक्चर से अपनी नजरें नहीं हटाते, जो कि टीम का मैच जीतना है, कोहली एक चैंपियन प्लेयर हैं.
उन्हें टेस्ट क्रिकेट में वापसी करनी चाहिए: अंबाती रायडू
भारत के पूर्व क्रिकेटर अंबाती रायडू ने विराट कोहली की जमकर तारीफ करते उन्हें टेस्ट क्रिकेट में वापसी करने का सुझाव भी दिया है. उन्होंने कहा कि विराट जिस तरह से वनडे में बैटिंग कर रहे हैं और सबसे बड़ी टी20 लीग में भी अपनी फॉर्म जारी रखे हुए हैं, वह काफी कमाल है, विराट में अभी पांच से छह साल का इंटरनेशनल क्रिकेट बाकी है.
एक कप्तान के तौर पर टेस्ट में वापसी करें कोहली: रायडू
रायडू ने आगे कहा, मुझे लगता है कि उन्हें टेस्ट क्रिकेट में वापसी करनी चाहिए, उम्मीद करता हूं एक कप्तान के तौर पर, वह कम से कम भारतीय क्रिकेट में सबसे अच्छे लाल गेंद के कप्तान रहे हैं, जिन्हें मैंने देखा है, विराट को ऐसा करना चाहिए, क्योंकि जिस तरह से वह बैटिंग कर रहे हैं, मुझे लगता है कि भारतीय क्रिकेट को उनकी बहुत जरूरत है.