IPL में लगातार तीन POTM अवॉर्ड जीतने वाले प्लेयर्स, कोहली के क्लब में शामिल हुए रिजवी
Published On Apr 06, 2026, 03:41 PM IST
Last UpdatedApr 06, 2026, 03:41 PM IST
आईपीएल में प्लेयर ऑफ द मैच खिताब जीतने की हैट्रिक लगाने वाले खिलाड़ियों में कुल सात नाम है, जिसमें चार भारतीय और तीन विदेशी खिलाड़ी हैं.
जैक कैलिस
आरसीबी के लिए खेलते हुए जैक कैलिस ने साल 2010 में यह कारनामा किया था. उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में 55 गेंदों में नाबाद 89 रन की पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता. इसके बाद राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ ऑलराउंडर प्रदर्शन (44 रन नाबाद और दो विकेट) और मुंबई इंडियंस के खिलाफ 55 बॉल में नाबाद 66 रन की पारी खेलकर इस खिताब पर लगातार तीसरी बार कब्जा किया.
वीरेंद्र सहवाग
भारत के विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने 2012 में दिल्ली के लिए खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 87 रनों की नाबाद पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीता. इसके बाद उन्होंने अगले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 39 गेंदों में 73 रन और फिर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 39 गेंदों में 63 रन बनाकर इस खिताब को अपने नाम किया.
आरोन फिंच
गुजरात लायंस के लिए खेलते हुए आरोन फिंच ने साल 2016 में यह कारनामा किया. आरोन फिंच ने पंजाब किंग्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में लगातार तीन प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया. वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ उन्होंने 54 गेंदों नाबाद 67 रन बनाकर गुजरात लायंस को जीत दिलाई थी.
विराट कोहली
भारतीय दिग्गज विराट कोहली ने साल 2016 में प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड्स की हैट्रिक लगाई. इस सीजन उन्होंने 81.08 की औसत से रिकॉर्ड 973 रन बनाए थे. कोहली ने कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ मैच में टीम को जिताने में महत्वपूर्ण रोल निभाया, जिसकी वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिली. वहीं पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्होंने यादगार पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच खिताब की हैट्रिक लगाई. कोहली ने पंजाब के खिलाफ 50 गेंदों में 113 रन बनाए और 12 चौके व आठ छक्के जड़े.
जोस बटलर
इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने साल 2018 में यह कारनामा किया. राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने लगातार तीन मैचों में 80 से ज़्यादा रन बनाए. पंजाब के खिलाफ उन्होंने 82 रन की पारी खेली, वहीं चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ उन्होंने नाबाद 95 रन बनाए. मुंबई इंडियंस के खिलाफ एक बार फिर जोस बटलर को रौद्र रूप देखने को मिला. उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 53 गेंदों में नाबाद 94 रन बनाए, जिससे राजस्थान की टीम ने टारगेट को आसानी से हासिल कर लिया.
ऋतुराज गायकवाड़
ऋतुराज गायकवाड़ ने IPL 2020 के दूसरे हाफ़ में लगातार तीन अवॉर्ड जीतकर हैट्रिक पूरी की. उनकी तीन हाफ़-सेंचुरी की बदौलत CSK ने सफल रन चेज किया. सबसे पहले उन्होंने RCB के खिलाफ नाबाद 65 रन बनाए, उसके बाद KKR के खिलाफ 72 रन और फिर पंजाब के खिलाफ नाबाद 65 रन बनाकर पारी का समापन किया.
समीर रिजवी
दिल्ली कैपिटल्स के युवा बल्लेबाज समीर रिजवी भी इस लिस्ट में शामिल हो गए हैं. उन्होंने आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के आखिरी मैच में 25 बॉल में नाबाद 58 रन की पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता था. इसके बाद उन्होंने आईपीएल 2026 के पहले दो मैच में इस खिताब पर कब्जा किया है. 2026 के सीज़न की शुरुआत लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 47 गेंदों में 70 रन बनाकर की और फिर मुंबई इंडियंस के खिलाफ 51 गेंदों में 90 रन की पारी खेलकर अवॉर्ड की हैट्रिक पूरी की.