• Home
  • Photos
  • कौन हैं आमिर कलीम ? एशिया कप में भारत के खिलाफ बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड , पाकिस्तान में हुआ था जन्म

कौन हैं आमिर कलीम ? एशिया कप में भारत के खिलाफ बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड , पाकिस्तान में हुआ था जन्म

Edited By : Akhilesh Tripathi | Sep 20, 2025, 11:27 AM IST

Published On Sep 20, 2025, 11:27 AM IST

Last UpdatedSep 20, 2025, 11:27 AM IST

ओमान के बल्लेबाज आमिर कलीम ने भारत के खिलाफ मैच में शानदार बल्लेबाजी (46 बॉल में 64 रन) की और ना सिर्फ बल्ले से बल्कि गेंद से भी उन्होंने दमदार गेंदबाजी करते हुए दो विकेट अपने नाम किए.

1 /5
Aamir Kaleem

भारत के खिलाफ किसी भी फॉर्मेट में अर्धशतक बनाने वाले सबसे उम्रदराज बल्लेबाज

ओमान के सलामी बल्लेबाज आमिर कलीम ने भारत के खिलाफ किसी भी फॉर्मेट में अर्धशतक बनाने वाले सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने 43 साल और 303 दिन में यह कारनामा किया है, इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी वॉली हैमंड के नाम था। उन्होंने 1946 में ओल्ड ट्रैफर्ड में भारत के खिलाफ 43 साल 31 दिन की उम्र में अर्धशतक जड़ा था.

2 /5
Aamir Kaleem

फुल-मेम्बर नेशन के खिलाफ अर्धशतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज बल्लेबाज

आमिर कलीम ने फुल-मेम्बर नेशन के खिलाफ अर्धशतक जमाने वाले टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास के सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया, उन्होंने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वेस्टइंडीज के लिए 41 साल और 294 दिन की उम्र में अर्धशतक जमाया था.

3 /5
Aamir Kaleem

टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में फुल-मेम्बर नेशन टीम के खिलाफ ओमान के लिए अर्धशतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज

आमिर कलीम T20I में फुल-मेम्बर नेशन के खिलाफ अर्धशतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज भी बने. उनसे पहले ख्वार अली ने साल 2019 में आयरलैंड के खिलाफ और फिर 2022 में शोएब खान ने आयरलैंड के खिलाफ ही अर्धशतक लगाया था. भारत के खिलाफ मैच में आमिर कलीम के बाद हम्मद मिर्जा ने अर्धशतक लगाया. हम्मद मिर्जा फुल-मेम्बर नेशन के खिलाफ अर्धशतक लगाने वाले ओमान के चौथे बल्लेबाज बने हैं.

4 /5
Aamir Kaleem

आमिर कलीम ने तोड़ा जैक कैलिस और मोहम्मद नबी का रिकॉर्ड

आमिर कलीम भारत के खिलाफ टी20I में अर्धशतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बने हैं. उन्होंने साउथ अफ्रीका के जैक्स कैलिस (36 साल, 166 दिन) को तोड़ा, जिन्होंने 2012 में यह कारनामा किया था. एशिया कप टी-20 में सबसे उम्रदराज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी आमिर कलीम के नाम हो गया है. उन्होंने अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी को पीछे छोड़ा. नबी ने 40 साल 260 दिन में साल 2025 में ही श्रीलंका के खिलाफ यह कारनामा किया था. टी20I क्रिकेट में सबसे उम्रदराज बल्लेबाज के तौर पर अर्धशतक का रिकॉर्ड लक्जमबर्ग के टोनी व्हाइटमैन के नाम है. व्हाइटमैन ने 2 सितंबर 2021 को मॉल्टा के खिलाफ मोआरा व्लासिएई क्रिकेट ग्राउंड पर 52 साल और 101 दिन की उम्र में 50 रन का आंकड़ा पार किया था.

5 /5
Aamir Kaleem

कौन है आमिर कलीम ?

आमिर कलीम का जन्म 20 नवंबर 1981 को पाकिस्तान के कराची में हुआ था. वह पाकिस्तान की अंडर-19 राष्ट्रीय क्रिकेट टीम में चयन नहीं होने के बाद साल 2004 में ओमान शिफ्ट हो गए और वहीं क्रिकेट खेलने लगे. 2012 में उन्होंने इटली के खिलाफ ओमान की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया. वह 2016 में टी20 विश्व कप खेलने वाली ओमान टीम का हिस्सा भी थे. अब तक उन्होंने 15 वनडे मैचों में 160 रन और 18 विकेट लिए हैं, वहीं 47 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में उनके नाम 659 रन और 46 विकेट दर्ज हैं. इसी साल अमेरिका के खिलाफ 72 रनों की पारी खेलकर अपना पहला अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक जमाया था.

एशिया कप 2025 में भी उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ गेंदबाज़ी से कमाल दिखाया था, जहां उन्होंने 31 रन देकर तीन विकेट चटकाए थे, इनमें मोहम्मद हारिस और कप्तान सलमान अली आगा के लगातार दो विकेट शामिल थे. करियर की शुरुआत में वह लेफ्ट-आर्म स्पिन गेंदबाज और नंबर 11 पर बल्लेबाजी करते थे, मगर इसके बाद उन्होंने बैटिंग में काफी मेहनत की और आज वह बतौर ओपनर टीम का हिस्सा हैं.