×

कौन हैं रजत पाटीदार, जिन्हें आरसीबी ने बनाया कप्तान, जानें सफर की पूरी कहानी

मध्य प्रदेश के इंदौर में जन्में रजत पाटीदार ने भारत के लिए भी 3 टेस्ट और 1 वनडे मैच खेला है, हालांकि वह टीम में अपनी जगह बरकरार नहीं रख सके.

Rajat Patidar

(Image credit- IPL)

Who is Rajat patidar: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने आईपीएल 2025 के लिए नए कप्तान का ऐलान कर दिया है. रजत पाटीदार को आरसीबी का नया कप्तान बनाया गया है. वह आरसीबी के आठवें कप्तान बने हैं.

RCB Captain
(Image credit- IPL T20)

कौन हैं रजत पाटीदार ?

रजत पाटीदार का जन्म 1 जून 1993 को मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था. उनके पिता का नाम मनोहर पाटीदार है, जो एक बिजनेसमैन हैं और उनकी मां एक गृहिणी हैं. रजत पाटीदार ने इंदौर के न्यू दिगंबर पब्लिक स्कूल में अपनी प्रारंभिक शिक्षा हासिल की. बाद में उन्होंने इंदौर विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल की. उन्होंने अपने दादाजी की क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण लिया.

Rajat Patidar captain
(Image credit- X)

घरेलू क्रिकेट में है शानदार रिकॉर्ड

वह मध्य प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं. रजत ने फर्स्ट क्लास में कुल 68 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 4738 रन बनाए हैं. वहीं लिस्ट ए के 64 मैचों में उन्होंने 2211 रन बनाए हैं. रजत पाटीदार पिछले सीजन सैयद मुश्‍ताक अली ट्रॉफी में दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्‍लेबाज थे, उन्‍होंने नौ पारियों में 61.14 की औसत और 186.08 के स्‍ट्राइक रेट से 428 रन बनाए. विजय हज़ारे ट्रॉफी में उन्‍होंने 56.50 की औसत और 107.10 के स्‍ट्राइक रेट से 226 रन बनाए. बतौर कप्तान घरेलू क्रिकेट में उन्होंने 16 में 12 मुकाबले जीते हैं.

RCB New Captain
(Image credit- IPL T20)


रजत पाटीदार का आईपीएल करियर

रजत पाटीदार साल 2021 में पहली बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू का हिस्सा बने थे. आरसीबी की टीम ने उन्हें 20 लाख के बेस प्राइस में खरीदा था.
उन्होंने आईपीएल के 27 मैच में एक शतक और सात अर्धशतक के साथ 799 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 158.85 का है. साल 2024 में रजत पाटीदार का बल्ला जमकर बोला. उन्होंने 2024 में 15 मैच की 13 इनिंग में 395 रन बनाए, जिसमें पांच अर्धशतक शामिल था. आरसीबी की टीम ने आईपीएल 2024 में प्लेऑफ तक का सफर तय किया था.

Rajat patidar rcb captain
(Image credit- X)

आरसीबी से रिलीज, फिर अचानक हुई टीम में एंट्री

आईपीएल 2021 में रजत पाटीदार ने चार मैचों में 71 रन बनाए थे, जिसके बाद उन्हें टीम ने रिलीज कर दिया था, मगर लवनिथ सिसोदिया के चोटिल होने पर उनकी किस्मत खुली और उनकी जगह पर वह 20 लाख रुपये की कीमत का हिस्सा बने. इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की और 20 लाख के बेस प्राइस से करोड़पति बन गए. रजत पाटीदार को आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले टीम ने 11 करोड़ में रिटेन किया था.

Rajat Patidar
(Image credit- X)

गेंदबाज के रूप में करियर की हुई थी शुरुआत

रजत पाटीदार ने गेंदबाज के रूप में करियर की शुरुआत की थी, रजत ने कम उम्र में ही में क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था और कड़ी मेहनत करके भारत के लिए क्रिकेट खेलने का अपना सपना पूरा किया. अंडर-15 के बाद उन्होंने बल्लेबाजी पर फोकस किया. साल 2014 में फुटबॉल खेलते समय घुटने में चोट लगने के बाद उन्हें सर्जरी भी करानी पड़ी थी. हालांकि इसके बाद उनकी वापसी दमदार रही.

Rajat Patidar India debut
(Image credit- BCCI X)

फरवरी 2024 में भारत के लिए किया था टेस्ट डेब्यू

रजत पाटीदार ने भारत के लिए भी 3 टेस्ट और 1 वनडे मैच खेला है. उन्होंने तीन टेस्ट मैच में 63 रन बनाए हैं, वहीं एक वनडे मैच में उन्होंने 22 रन बनाए हैं. वह हालांकि टीम इंडिया में अपनी जगह नहीं बरकरार रख सके. फरवरी में इंग्लैंड के खिलाफ 2024 में उन्होंने टेस्ट डेब्यू किया था, वहीं 2023 में उन्होंने एकमात्र वनडे मैच खेला था.

Trending This Week