गेंद हाथ में होते हुए भी ल्यूक रॉन्की को आउट नहीं कर पाए विकेटकीपर वेड

वेड के हाथों में गेंद थी पर्याप्त समय भी था लेकिन हालात कुछ ऐसे बने कि वह रन आउट मुकम्मल नहीं कर पाए।

By Devbrat Bajpai Last Updated on - June 2, 2017 5:05 PM IST
मैथ्यू वेड © Getty Images
मैथ्यू वेड © Getty Images

ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर चैंपियंस ट्रॉफी 2017 के दूसरे मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड ने अपना पहला विकेट मार्टिन गप्टिल के रूप में गंवाया। गप्टिल ने 22 गेंदों में 26 रन बनाए जिसमें 5 चौके शामिल थे। गप्टिल के आउट होने के थोड़ी देर बाद मैदान में ‘कॉमेडी ऑफ इर्रस’ देखने को मिला। जो खासा दिलचस्प था। यह बात न्यूजीलैंड की पारी के नौंवे ओवर की है। गेंदबाजी कर रहे थे पैट कमिंस। कमिंस की आखिरी गेंद को विलियमसन ने हल्के हाथों से खेलते हुए रन दौड़ना चाहा और इसी बीच वह आधी पिच तक आ गए , लेकिन उनके पार्टनर रॉन्की रन लेने को तैयार नहीं नजर आ रहे थे।

लेकिन जब उन्होंने अपने कप्तान को आधी पिच पर आते देखा तो आखिरी समय पर दौड़ पड़े। इसी बीच स्टार्क ने गेंद अंडर आर्म अंदाज में आनन-फानन में विकेटकीपर वेड की ओर फेंकी। वह इस दौरान स्टंप्स की ओर भाग रहे थे। उन्होंने इस गेंद को जैसे तैसे पकड़ तो लिया लेकिन गेंद को हाथ में लिए होने के बावजूद वह स्टंप्स को बिखेर नहीं पाए। दौड़ने के दौरान गेंद तो वेड के हाथ में थी लेकिन उनकी गति इतनी तेज थी कि वह जिस हाथ में गेंद लिए हुए थे उससे वह स्टंप्स नहीं बिखेर पाए बल्कि अपने कंधे से स्टंप्स बिखेर दिए और इस तरह से रॉन्की जो पूरे तरह से आउट नजर आ रहे थे, वह बच गए। [ऑस्ट्रेलिया बनाम न्यूजीलैंड, दूसरा मैच, चैंपियंस ट्रॉफी 2017: लाइव स्कोरकार्ड जानने के लिए क्लिक करें]

Powered By 


 

इस ओवर के थोड़ी देर बाद ही बारिश होनी शुरू हो गई। बारिश शुरू होने तक न्यूजीलैंड ने 9.3 ओवरों में 1 विकेट पर 67 रन बना लिए थे। इस दौरान ल्यूक रॉन्की 17 गेंदों में 24 रन, तीन चौके और 1 छक्के के साथ खेल रहे थे। वहीं केन विलियमसन 18 गेंदों में 16 रन बनाकर खेल रहे थे जिसमें दो चौके शामिल हैं। अभी तक एकमात्र विकेट जोश हेजलवुड ने लिया है।