T20 World Cup 2021 Points Table: सेमीफाइनल की 'तीसरी टीम' कंफर्म, अब भारतीय फैंस की धड़कनें बढ़ीं
T20 World Cup 2021 Points Table: इस विश्व कप 10 और 11 नवंबर को सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाने हैं, जिसके बाद 14 नवंबर को खिताबी मुकाबला होगा.
ICC T20 World Cup 2021 Points Table: टी20 विश्व कप-2021 में 6 नवंबर को ग्रुप-1 के मुकाबले खेले गए, जिससे स्पष्ट हो गया कि इस ग्रुप से कौन-कौन सी टीमें अगले दौर में पहुंच रही हैं. आज के पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज (Australia vs West Indies) पर 8 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की, जिसके बाद अगले मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड (England vs South Africa) को 10 रन से मात दी. इंग्लैंड के खिलाफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 2 विकेट खोकर 189 रन बनाए. सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए साउथ अफ्रीका को इंग्लैंड की टीम को 131 रन तक रोकना था, जिसमें साउथ अफ्रीका नाकाम रहने के बाद अगले दौर से बाहर हो गया. इसी के साथ इंग्लैंड के बाद अब ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है.
इस विश्व कप 10 और 11 नवंबर को सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाने हैं, जिसके बाद 14 नवंबर को खिताबी मुकाबला होगा. सेमीफाइनल में चार टीमों ने हिस्सा लेना है. इंग्लैंड, पाकिस्तान और अब ऑस्ट्रेलिया ने अगले दौर के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है. अब ग्रुप-2 से भारत, न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के बीच शेष एक टिकट पाने की लड़ाई है.
ग्रुप-1 से इंग्लैंड 5 में से 4 मैच जीतकर टॉप पर रहा, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने इतनी ही जीत के साथ दूसरा स्थान हासिल किया. साउथ अफ्रीका का समीकरण भी ठीक ऐसा ही रहा, लेकिन नेट रन रेट ने तीनों टीमों को पहले, दूसरे और तीसरे पायदान पर रखा. इस ग्रुप से बांग्लादेश एक भी मुकाबला अपने नाम नहीं कर सका. यह टीम छठे स्थान पर रही.
ग्रुप-1
टीम | मैच | जीत | हार | टाई | बेनतीजा | प्वाइंट्स | नेटरनरेट |
इंग्लैंड | 5 | 4 | 1 | 0 | 0 | 8 | +2.464 |
ऑस्ट्रेलिया | 5 | 4 | 1 | 0 | 0 | 8 | +1.216 |
साउथ अफ्रीका | 5 | 4 | 1 | 0 | 0 | 8 | +0.739 |
श्रीलंका | 5 | 2 | 3 | 0 | 0 | 4 | -0.269 |
वेस्टइंडीज | 5 | 1 | 4 | 0 | 0 | 2 | -1.641 |
बांग्लादेश | 5 | 0 | 5 | 0 | 0 | 0 | -2.383 |
ग्रुप-2 में रोमांचक जंग देखने को मिल रही है. यहां से पाकिस्तान शुरुआती चारों मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच चुका है. अब न्यूजीलैंड, भारत और अफगानिस्तान के बीच सेमीफाइनल का टिकट हासिल करने की जंग जारी है. न्यूजीलैंड ने 4 में से 3 मुकाबले अपने नाम किए हैं और यह टीम दूसरे पायदान पर मौजूद हैं, जबकि भारत 4 में से 2 मैच अपने नाम कर तीसरे पायदान पर पहुंच चुका है.
ग्रुप-2
टीम | मैच | जीत | हार | टाई | बेनतीजा | प्वाइंट्स | नेरनरेट |
पाकिस्तान | 4 | 4 | 0 | 0 | 0 | 8 | +1.065 |
न्यूजीलैंड | 4 | 3 | 1 | 0 | 0 | 6 | +1.277 |
भारत | 4 | 2 | 2 | 0 | 0 | 4 | +1.619 |
अफगानिस्तान | 4 | 2 | 2 | 0 | 0 | 4 | +1.481 |
नामीबिया | 4 | 1 | 3 | 0 | 0 | 2 | +1.851 |
स्कॉटलैंड | 4 | 0 | 4 | 0 | 0 | 0 | -3.494 |
अब भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अफगानिस्तान पर निर्भर रहना होगा. 7 नवंबर को अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच भिड़ंत होगी. अगर अफगानिस्तान इस मुकाबले को जीतता है, तभी भारत के लिए सेमीफाइनल की राह खुलेगी. भारत को 8 नवंबर को नामीबिया से सुपर-12 के अपने अंतिम मैच में उसी हिसाब से जीत दर्ज करनी होगी.