भारत-दक्षिण अफ्रीका टेस्ट के दूसरे दिन अजिंक्य रहाणे ने भारतीय सरजमीं पर लगाया अपना पहला शतक

अजिंक्य रहाणे ने भारतीय टीम को 300 के पार पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई

By Indo-Asian News Service Last Updated on - December 4, 2015 12:54 PM IST
अजिंक्य रहाणे ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और अपने क्रिकेट जीवन का पांचवा टेस्ट शतक मुकम्मल किया © AFP
अजिंक्य रहाणे ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और अपने क्रिकेट जीवन का पांचवा टेस्ट शतक मुकम्मल किया © AFP

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने फिरोजशाह कोटला मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के साथ जारी चौथे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को अपने करियर का पांचवां शतक पूरा किया। रहाणे ने पहले दिन के नाबाद व्यक्तिगत स्कोर 89 से आगे खेलते हुए दूसरे दिन के पहले सत्र में 180 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया। उन्होंने इस दौरान 10 चौके और दो छक्के लगाए। टेस्ट मैच के पहले दिन वह भाग्यशाली रहे जब 78 के निजी स्कोर पर डेन पीड की गेंद पर हाशिम अमला ने उनका कैच टपका दिया था। लाइव क्रिकेट स्कोरकार्ड: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका 2015, दिल्ली चौथा टेस्ट

यह भारत में उनका पहला शतक है। साथ ही यह मौजूदा सीरीज में किसी भी बल्लेबाज के द्वारा लगाया गया पहला शतक भी है। रहाणे के पहले सीरीज में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज एबी डीविलियर्स के नाम था, जो इस टेस्ट मैच सीरीज में 85 रनों की पारी खेल चुके हैं। रहाणे ने इससे पहले भारत में छह पारियां खेली थीं, जिनमें उनका व्यक्तिगत सर्वोच्च योग 15 रन रहा था। लाइव क्रिकेट अपडेट: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका 2015, दिल्ली चौथा टेस्ट

Powered By 

रहाणे ने अपने करियर के 23 मैचों की 40 परियों में से अधिकांश पारियां विदेशों में ही खेली हैं। उनके पिछले चार शतक भी विदेशी धरती पर लगे थे। रहाणे ने अपने करियर का पहला शतक (118) 14 फरवरी, 2014 को वेलिंग्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ लगाया था। इसके बाद उसी साल 17 जुलाई को रहाणे ने लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ 103 रनों की पारी खेली थी। साल 2014 रहाणे के लिए खास रहा क्योंकि इस साल उन्होंने तीन शतक लगाए थे। तीसरा शतक (147) दिसम्बर 2014 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में लगाया था। इसके अलावा रहाणे ने सात अर्धशतक लगाए हैं। उनके सभी अर्धशतक विदेशी पिचों पर लगे हैं। इनमें दो नर्वस नाइंटीज(98, 96) शामिल हैं।