रियो ओलिंपिक: पदक तालिका में शीर्ष पर कायम अमेरिका

ओलिंपिक पदक तालिका में अमेरिका के बाद चीन दूसरे, हंगरी तीसरे, आस्ट्रेलिया चौथे और रूस पांचवें स्थान पर बना हुआ है

By Vivek Kumar Last Updated on - August 10, 2016 4:42 PM IST

रियो ओलिंपिक में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अब तक हुई स्पर्धाओं में सबसे अधिक पदक जीतने वाले देशों की सूची में अमेरिका सबसे आगे है। ओलम्पिक खेलों की पदक तालिका में अमेरिका शीर्ष 10 देशों में सबसे ऊपर कायम है। अमेरिकी एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अब तक कुल 26 पदक अपने झोली में डाल चुके हैं, जिनमें से नौ स्वर्ण, आठ रजत और नौ कांस्य पदक शामिल हैं। इससे मालूम चलता है कि अमेरिकी खिलाड़ियों ने खेलों के लिए तैयारी काफी मजबूत कर रखी है।

ओलिंपिक पदक तालिका में अमेरिका के बाद चीन दूसरे, हंगरी तीसरे, आस्ट्रेलिया चौथे और रूस पांचवें स्थान पर बना हुआ है। चीन के पास कुल 17 (आठ स्वर्ण, तीन रजत, छह कांस्य) पदक हैं। इसके साथ ही हंगरी के पास छह (चार स्वर्ण, एक रजत, एक कांस्य), आस्ट्रेलिया के पास नौ (चार स्वर्ण, पांच कांस्य) और रूस के पास 12 (तीन स्वर्ण, छह रजत, तीन कांस्य) पदक हैं।

Powered By 

वहीं इस सूची में इटली कुल नौ पदकों (तीन स्वर्ण, चार रजत, दो कांस्य) के साथ छठे, दक्षिण कोरिया छह पदकों (तीन स्वर्ण, दो रजत, एक कांस्य) के साथ सातवें, जापान 14 पदकों (तीन स्वर्ण, एक रजत, 10 कांस्य) के साथ आठवें, फ्रांस छह पदकों (दो स्वर्ण, तीन रजत, एक कांस्य) के साथ नौवें और थाइलैंड चार पदकों (दो स्वर्ण,एक रजत, एक कांस्य) के साथ 10वें स्थान पर है। वहीं भारत के हाथ अब तक कोई पदक नही लगा है।