मेरी नजर में सौरव गांगुली भारत के सर्वश्रेष्ठ कप्तान हैं: मुथैया मुरलीधरन
हाल ही में रवि शास्त्री ने महेंद सिंह धोनी को ‘दादा’ कप्तान कहा था

एक तरफ जहां महेंद्र सिंह धोनी ने भारतीय टीम के सीमित ओवरों की कप्तानी के पद से इस्तीफा दे दिया है तो अब उनकी जगह विराट कोहली को भारत के तीनों प्रारूपों का कप्तान नियुक्त कर दिया गया है। राहुल द्रविड़ ने हाल ही में धोनी को लेकर एक बयान दिया था और कहा था कि धोनी को इतिहास सबसे सफल कप्तान के रूप में याद करेगा। लेकिन इधर श्रीलंका के दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधरन का कुछ और ही मानना है।
मुरलीधरन ने कहा कि मेरे ख्याल से सौरव गांगुली ने कप्तानी संभालने के बाद भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत अच्छी भूमिका निभाई और मेरा मानना है कि सौरव गांगुली महान कप्तान थे। बंगाल क्रिकेट संघ के विजन 2020 कार्यक्रम के स्पिन गेंदबाजी सलाहकार मुरलीधरन ने आगे कहा कि रवि शास्त्री ने जब भारत के सर्वकालिक महान भारतीय कप्तानों की सूची तैयार की होगी तो वह सौरव गांगुली का नाम उसमें रखने से चूक गए होंगे। आपको बता दें कि रवि शास्त्री ने धोनी को ‘दादा’ कप्तान करार दिया था। ये भी पढ़ें: भारत बनाम इंग्लैंड वनडे सीरीज के खास होने की 5 बड़ी बातें
रवि शास्त्री ने एक साक्षात्कार में धोनी को ‘दादा’ कप्तान कहा था। साथ ही शास्त्री ने अपनी सूची में गांगुली को जगह नहीं दी थी। आपको बता दें कि गांगुली और शास्त्री के बीच रिश्ते कुछ ठीक नहीं हैं और अनिल कुंबले को भारतीय टीम का मुख्य कोच नियुक्त करने के दौरान दोनों के बीच जमकर बहस बाजी हुई थी। मुरलीधरन ने कहा कि यह उनकी अपनी राय हो सकती है। लेकिन सबकी अपनी-अपनी राय होती है। हो सकता है शास्त्री गांगुली का नाम गलती से चूक गए हों, लेकिन मैं इस बारे में बात नहीं कर सकता।
गांगुली ने संकट के समय भारतीय टीम की कमान संभाली थी। गांगुली ने टीम को एकजुट कर जीत की भूख भरी और फिर टीम को विदेशों में भी जीतना सिखाया था। गांगुली की अगुआई में भारत ने देश और विदेशों में लगातार टेस्ट मैच जीते और टीम 2003 विश्व कप के फाइनल में पहुंची थी।