सूर्यकुमार के नाबाद पचासे से 1-2 नहीं बल्कि टूट गए ये सारे रिकॉर्ड, रिजवान का कीर्तिमान भी मिट्टी में मिला
सूर्यकुमार यादव ने त्रिवेंद्रम में खेले गए पहले T20I मुकाबले में 33 गेंदों पर 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 50 रनों की मैच विनिंग पारी खेली।
T20 क्रिकेट में इस साल जिस बल्लेबाज की सबसे ज्यादा तूती बोल रही है उसका नाम है सूर्यकुमार यादव। T20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले सूर्यकुमार जिस शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं उससे विपक्षी टीमों के अंदर खौफ का मौहाल पैदा हो गया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ T20I सीरीज में रनों की बरसात करने के बाद सूर्या ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज का आगाज शानदार अंदाज में किया। सूर्या ने त्रिवेंद्रम में खेले गए पहले T20I मुकाबले में 33 गेंदों पर 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 50 रनों की मैच विनिंग पारी खेली। इस पारी के साथ ही सूर्यकुमार ने एक-2 नहीं बल्कि 3 बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए।
सूर्यकुमार T20I क्रिकेट में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने शिखर धवन को पछाड़ते हुए ये मुकाम हासिल किया। सूर्या साल 2022 में अब तक 708 रन बना चुके हैं। वहीं, धवन ने 2018 में 689 रन बनाए थे।
एक कैलेंडर ईयर में भारत के लिए सर्वाधिक T20I रन:
708 – सूर्यकुमार यादव, 2022
689 – शिखर धवन, 2018
641 – विराट कोहली, 2016
सूर्या ने अपनी नाबाद 50 रनों की पारी में 3 बड़े छक्के भी लगाए जिनके दम पर अब वह एक साल में T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान का रिकॉर्ड ध्वस्त किया। रिजवान ने साल 2021 में T20I में 42 छक्के लगाए थे।
एक कैलेंडर ईयर में T20I में सर्वाधिक छक्के:
45 – 2022 में सूर्यकुमार यादव
42 – 2021 में मोहम्मद रिजवान
41 – 2021 में मार्टिन गप्टिल
T20I में सूर्या ने 9 बार 50 से ज्यादा का स्कोर बनाया है जिसमें 8 बार उनका स्ट्राईक रेट 150 से ज्यादा का रहा है। वहीं, 3 बार स्ट्राईक रेट 200 से ज्यादा का रहा है। इन आंकड़ों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि सूर्या लिमिटेड ओवर फॉर्मेट के कितने खतरनाक बल्लेबाज हैं।
सभी 50+ स्कोर के दौरान सूर्यकुमार का स्ट्राईक रेट
183.87 SR
147.05 SR
155.00 SR
209.67 SR
212.72 SR
172.72 SR
261.53 SR
191.66 SR
151.52 SR*