VIDEO: लाहिरू की गेंद की हवा तक नहीं लगी, बोल्ड होने के बाद कोहली ने पकड़ लिया सिर

विराट कोहली पहली ही गेंद से संघर्ष करते नजर आए। उन्होंने खाता खोलने में ही 8 गेंद लगा दी।

By Cricket Country Staff Last Published on - January 12, 2023 7:43 PM IST

कोलकाता में दूसरे वनडे में टॉस हारने के बावजूद टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा के गेंदबाजों ने बेहतरीन खेल दिखाया और श्रीलंका की पूरी टीम को 215 रन के स्कोर पर ढेर कर दिया। कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज ने 3-3 विकेट झटके।

लंका द्वारा दिए गए 215 रनों के स्कोर का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज रोहित और शुभमन गिल 6 ओवर के भीतर ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद फैंस को विराट कोहली से काफी उम्मीदें थी लेकिन लाहिरू कुमारा की एक बेहतरीन गेंद ने सारा खेल बिगाड़ कर रख दिया। लाहिरू की एक बेहतरीन गेंद ने कोहली को संभलने का मौका भी नहीं दिया और स्टंप उखाड़ फेंका। कोहली के आउट होने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Powered By 

दरअसल, 10वें ओवर में लाहिरू कुमारा की तीसरी गेंद ऑफ स्टंप के बाहर लेंथ से गेंद अंदर आती गई और अंदरूनी किनारा लेकर विकटों से जा टकराई। कोहली के पास इस खूबसूरत गेंद का कोई जवाब नहीं था। इस तरह भारत ने महज 62 रन के टीम स्कोर पर अपना तीसरा विकेट गंवा दिया।

विराट कोहली पहली ही गेंद से संघर्ष करते नजर आए। उन्होंने खाता खोलने में ही 8 गेंद लगा दी। पहली सात गेंदों पर वह श्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ एक भी रन नहीं बना सके। 8वीं गेंद पर उन्होंने भले ही चौके से अपना खाता खोला लेकिन अगली ही गेंद पर कोहली का डंडा उखड़ गया। इस तरह लगातार 2 शतक लगाने के बाद कोहली तीसरे मैच में बुरी तरह से फेल हो गए।

 

विराट कोहली ने इससे पहले सीरीज के पहले वनडे मुकाबले में 113 रनों की शानदार पारी खेली थी और वनडे में अपना 45वां शतक लगाने का बड़ा कारनामा किया था। बांग्लादेश दौरे पर भी उनके बल्ले से शानदार शतक निकला था।