बेटे ओरियन के साथ मिलकर युवराज मना रहे जश्न, छह गेंद पर छह छक्के जड़ने वाले कारनामा को किया याद
युवराज सिंह ने बेटे ओरियन के साथ अपने छह छक्कों के 15 साल पूरे होने पर अनोखे अंदाज में जश्न मनाया। इंग्लैंड के खिलाफ एक विश्व टी 20 मैच के दौरान, एंड्रयू फ्लिंटॉफ की टिप्पणियों से उकसाने के बाद युवराज ने स्टुअर्ट ब्रॉड पर छह छक्के लगाए थे।
नई दिल्ली: युवराज सिंह और क्रिकेट के लिए आज की तारीख बहुत खास है। 19 सितंबर को साल 2007 में युवराज सिंह ने वह कर दिखाया था जो ताबड़तोड़ क्रिकेट में पहले कभी नहीं हुआ था। युवराज ने टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में स्टुअर्ट ब्रॉड के ओवर में लगातार छह छक्के लगाए थे।
आज इस ऐतिहासिक पल को 15 साल हो चुके हैं। और युवराज अगली पीढ़ी को इससे रूबरू करवा रहे हैं। टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर रहे युवराज ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया है जिसमें वह अपने बेटे ओरियन के साथ इसका वीडियो देख रहे हैं। युवराज ने इसके साथ लिखा है- ’15 साल बाद इसे साथ देखने के लिए इससे अच्छा पार्टनर नहीं मिल सकता।’
युवराज की आकर्षक और आक्रामक पारी ने भारत को चार विकेट पर 218 के स्कोर पर पहुंचा दिया था। युवी ने महज 12 गेंद पर हाफ सेंचुरी पूरी की थी, जो अब भी टी20 इंटरनैशनल में एक रिकॉर्ड है।
युवराज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने थे। इससे पहले 50 ओवर वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के हर्शल गिब्स ने नीदरलैंड्स के खिलाफ यह कारनामा किया था।
आईपीएल फ्रैंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स ने टि्वटर पर युवराज सिंह को बधाई दी है। उन्होंने लिखा है- 15 साल बीत गए लेकिन इसे देखकर हमें अब भी सुकून नहीं मिलता।
सनराइजर्स हैदराबाद ने लिखा: “यदि आप युवराज सिंह की यह पारी याद है तो आपका बचपन बहुत शानदार था। #इस दिन 2007 में, युवराज सिंह ने एक ओवर में छह छक्के लगाकर केवल 12 गेंदों में सबसे तेज 50 रन बनाए थे।”
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने कहा: “# इस दिन 2007 में युवराज सिंह ने किंग्समीड स्टेडियम को रोशन किया, स्टुअर्ट ब्रॉड के ओवर में छह छक्के लगाए और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक बनाने वाले बल्लेबाज बन गए, सिर्फ 12 गेंद पर उन्होंने यह अनोखा कारनामा बनाया।”