चेन्नई को पस्त करने वाले गेंदबाज को महेंद्र सिंह धोनी ने दिया गिफ्ट, जीवनभर रहेगा याद!

इसे माही का दिल कह सकते हैं। वह युवाओं की हमेशा हौसला अफजाई करते हैं। जिस खिलाड़ी ने महेंद्र सिंह धोनी की टीम के दो बल्लेबाजों को पविलियन भेजा धोनी ने मैच बॉल साइन करके उन्हें गिफ्ट कर दी।

By Bharat Malhotra Last Published on - May 14, 2022 9:19 AM IST

कुमार कार्तिकेय ने मुंबई इंडियंस की चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ जीत में अहम भूमिका निभाई। इस गेंदबाज ने गुरुवार, 12 मई को वानखेड़े स्टेडियम (मुंबई) पर खेले गए मैच में 22 रन देकर दो विकेट लिए थे। इस मैच में चेन्नई सिर्फ 97 के स्कोर पर ऑल आउट हो गई थी। कार्तिकेय इस सीजन में मुंबई के लिए उभरते हुए खिलाड़ी बने हैं। और अपने प्रदर्शन के लिए उन्हें एक खास तोहफा भी मिला।

कार्तिकेय को महेंद्र सिंह धोनी ने मैच बॉल पर साइन करके दिए। धोनी अकसर मैच के बाद युवा खिलाड़ियों से बात करते और उनके साथ अपने अनुभवों को साझा करते हैं। मुंबई के खिलाफ मैच के बाद धोनी ने कार्तिकेय के साथ भी बात की।

Powered By 


धोनी की क्रिकेटीय समझ का कोई तोड़ नहीं है और युवाओं को उनसे काफी कुछ सीखने को मिल सकता है। बाएं हाथ के इस स्पिनर के लिए बेशक धोनी से बात करना काफी मददगार रहा होगा।

मुंबई इंडियंस ने एक वीडियो पोस्ट किया है। उनके आधिकारिक टि्वटर हैंडल पर पोस्ट किए गए इस वीडियो में देखा जा सकता है कि मैच के बाद मुंबई के खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में वापस जा रहे हैं और तभी कुमार कार्तिकेय के हाथ में गेंद नजर आती है। जब उनसे इस बारे में पूछा जाता है तो वह बताते हैं कि यह महेंद्र सिंह धोनी की साइन की हुई गेंद है।