Match Highligts: सैंटनर ने छक्का लगाकर चेन्नई को दिलाई जीत

राजस्थान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 151 रन बनाए। चेन्नई की टीम ने आखिरी ओवर में रोमांचक जीत हासिल की।

By Cricket Country Staff Last Updated on - April 11, 2019 11:51 PM IST

शुरुआती विकेट गिरने के बाद भी चेन्नई की टीम ने जीत दर्ज कर चैंपियन वाला खेल दिखाया है। 24 रन पर 4 विकेट गिरने के बाद टीम ने शानदार वापसी की। अंबाती रायडू के बल्ले से सही वक्त पर टीम के लिए अर्धशतकीय पारी निकली। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने एक बार फिर से अपनी भूमिका अदा की और 58 रन की पारी खेली। राजस्थान के उपर मिली जीत कप्तान धोनी की आईपीएल में 100वीं जीत है।

चेन्नई 155/6, ओवर 20: पांचवीं गेंद पर 2 रन बना और अगली गेंद स्टोक्स ने वाइड डाल दी। चेन्नई के लिए मैच जीतने की उम्मीद बनी हुई है। मिशेल सैंटनर ने क्या लाजवाब शॉट लगाया है। सैंटनर के बल्ले से निकलने के बाद गेंद सीधा छक्के के लिए ही गई और इस खिलाड़ी ने कप्तान धोनी के स्टाइल में टीम को जीत दिलाई है।

Powered By 

क्या हो रहा है रविंद्र जडेजा पहले फील्ड अंपायर के साथ नो बॉल को लेकर बात करते नजर आए और अब महेंद्र सिंह धोनी मैदान में पहुंचे हैं।

बेन स्टोक्स की पहली गेंद पर रविंद्र जडेजा ने सामने की तरफ जोरदार छक्का लगाया। दूसरी गेंद नो बॉल डाली लेकिन फ्री हिट पर कोई बड़ा शॉट नहीं आया। स्टोक्स ने एक शानदार यॉर्कर डाली जिसका धोनी के पास कोई जवाब नहीं था वो 58 रन बनाकर बोल्ड हो गए।

चेन्नई 134/5, ओवर 19: जोफ्रा आर्चर के इस ओवर में चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपना अर्धशतक पूरा किया। आखिरी गेंद पर धोनी ने जोर से बल्ले चलाया और गेंद बल्ले का किनारा लेकर चौका के लिए चली गई। चौथी गेंद पर दो रन लेने के साथ ही उन्होंने अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की थी। इसके लिए 39 गेंद का सामना किया जिसमें तीन छक्के और एक चौके लगाए। अब चेन्नई को आखिरी ओवर में जीत के लिए 18 रन की जरूरत है।

चेन्नई 122/5, ओवर 18: अंबाती रायडू की शानदार पारी का अंत श्रेयस गोपाल के बेहतरीन कैच के साथ हुआ। रायडू ने बेन स्टोक्स के ओवर की चौथी गेंद पर जोरदार शॉट लगाया, गेंद हवा में ज्यादा उपर चली गई क्वायर लेग की तरफ दौड़ लगाते हुए बाउंड्री के करीब गोपाल ने यह कैच लपका । चेन्नई को अब जीत के लिए 12 गेंद पर 30 रन की जरूरत है।

चेन्नई 113/4, ओवर 17: जोफ्रा आर्चर के ओवर की चौथी गेंद धोनी के हेलमेट पर जाकर लगी लेकिन तुरंत ही वह संभल गए। नॉन स्ट्राइक छोर पर पहुंचते ही वह मुस्काते नजर आए। इस ओवर में बने 7 रन । चेन्नई को अब जीत के लिए 18 गेंद पर 39 रन की जरूरत है।

चेन्नई 106/4, ओवर 16: श्रेयस गोपाल ने अपने आखिरी ओवर में सिर्फ 5 रन दिए। पहली गेंद पर ओवर में कोई रन नहीं बना था बाकी की पांच गेंद पर रायडू और धोनी ने सिंगल लिया। अब चेन्नई को 24 गेंद पर 46 रन की जरूरत है।

चेन्नई 101/4, ओवर 15: अंबाती रायडू ने शानदार चौके के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। उनादकट के ओवर की चौथी ही गेंद पर रायडू ने डीप मिडविकेट के उपर से छक्का लगाया था। 41 गेंद पर 3 छक्के और 2 चौके की मदद से उन्होंने अपनी हाफ सेंचुरी बनाई। अब चेन्नई को 30 गेंद पर जीत के लिए 51 रन की जरूरत है।

चेन्नई 78/4, ओवर 13: श्रेयस गोपाल के ओवर की पांचवीं पर धोनी ने घुटना टेककर लॉन्ग ऑन के उपर से जोरदार छक्का लगाया। छक्का इतना करारा था की गोपाल बस इसे देखते ही रह गए। अब यहां से चेन्नई की टीम को जीत के लिए 42 गेंद पर 74 रन की जरूरत है।

चेन्नई 64/4, ओवर 11: दो ओवर करने के बाद युवा रियान को इस ओवर में पड़े 14 रन। धोनी ने ओवर की चौथी गेंद को डीप मिडविकेट की तरफ छक्के के लिए भेजा। आखिरी गेंद पर रायडू ने चौका हासिल किया।

चेन्नई 50/4, ओवर 10: चेन्नई की पारी के आधे ओवर खत्म हो चुके हैं। श्रेयस गोपाल के इस ओवर में महेंद्र सिंह धोनी ने लॉन्ग ऑन के उपर से आगे बढ़कर जोरदार छक्का लगाया। चेन्नई को इस ओवर में मिले कुल 11 रन साथ ही टीम के पचास रन भी पूरे हुए। यहां से टीम को 60 गेंद पर जीत के लिए चाहिए 102 रन। धोनी 12 गेंद पर 13 रन जबकि रायडू 24 गेंद पर 25 रन बनाकर खेल रहे हैं।

चेन्नई 39/4, ओवर 9: रियान के दूसरे ओवर में भी कोई बड़ा शॉट देखने को नहीं मिला। इस ओवर में कुल 7 रन बने हैं।

चेन्नई 27/4, ओवर 7: अजिंक्य रहाणे काफी समझदारी से कप्तानी कर रहे हैं। डेब्यू कर रहे रियान प्रयाग को पावर प्ले के बाद का ओवर दिया। चेन्नई के चार विकेट गिर चुके हैं युवा के लिए यह बिल्कुल सही वक्त है गेंदबाजी करने का। ओवर में सिर्फ तीन रन बने।

चेन्नई 24/4, ओवर 6: बेन स्टोक्स ने क्या लाजवाब कैच पकड़ा है। जोफ्रा आर्चर के ओवर की पांचवीं गेंद पर केदार जाधव ने बैकवर्ड प्‍वाइंट की तरफ शॉट लगाया और स्टोक्स ने हवा में छलांग लगाते हुए एक कमाल का कैच लपक लिया। चेन्नई की टीम का चौथा विकेट गिरा। जाधव महज 1 रन बनाकर आउट हुए।

चेन्नई 15/3, ओवर 4: चेन्नई का तीसरा विकेट गिरा !! जयदेव उनादकट ने ओवर की आखिरी गेंद पर ओपनर फाफ डु प्लेसिस का विकेट झटक राजस्थान को तीसरी कामयाबी दिलाई है। राहुल त्रिपाठी ने डीप मिडविकेट की तरफ डु प्लेसिस के लगाए शॉट पर शानदार कैच पकड़ा।

चेन्नई 5/2, ओवर 2: वाह !! जोफ्रा आर्चर क्या लाजवाब थ्रो मारा है। सुरेश रैना ने जयदेव उनादकट की गेंद को फाइन लेग की तरफ खेला और गेंद को देखते हुए दौड़ रहे थे, इससे पहले की वह नॉन स्ट्राइक छोर तक पहुंच पाते आर्चर ने स्टंप्स उड़ा दी। थ्री सीधा स्टंप पर जाकर लगा और रैना को 4 रन बनाकर वापस लौटना पड़ा।

चेन्नई 0/1, ओवर 1: राजस्थान के लिए धवल कुलकर्णी ने शानदार शुरुआत करते हुए शेन वॉटसन का विकेट हासिल कर लिया है। कुलकर्णी की आउट स्विंग पर वॉटसन पूरी तरह से चूके और गेंद स्टंप से जा टकराई। बिना खाता खोले ही उनको वापस लौटना पड़ा।

राजस्थान 151/7, ओवर 20: श्रेयस गोपाल और आर्चर ने राजस्थान को मैच में बनाए रखा है। शार्दुल ठाकुर राजस्थान की पारी का आखिरी ओवर करने आए और खर्च कर दिए कुल 18 रन। गोपाल ने दूसरी गेंद पर चौका हासिल करने के बाद अगली ही गेंद को लॉन्ग ऑफ के उपर से छक्के के लिए भेज दिया। ओवर की पांचवीं गेंद पर आर्चर ने चौका लगाकर स्कोर 150 रन तक पहुंचा दिया। आखिरी गेंद पर सिर्फ 1 रन ही बना।

राजस्थान 133/7, ओवर 19: दीपक चाहर क्या शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं। बेन स्टोक्स को एक शानदार गेंद पर बोल्ड कर उन्होंने राजस्थान के रन बनाने की उम्मीद को एक और झटका दिया। स्टोक्स 26 गेंद पर 28 रन बनाकर आउट हुए।

राजस्थान 125/6, ओवर 18: शार्दुल ठाकुर के इस ओवर में 8 रन ही आए। अब राजस्थान की पारी में सिर्फ दो ओवर बचे हैं।

राजस्थान 113/6, ओवर 16: इस ओवर में राजस्थान के लिए 10 रन आए। ताहिर के ओवर की तीसरी गेंद पर बेन स्टोक्स ने रिवर्स स्वीप कर चौका लगाया। आखिरी गेंद पर जोफ्रा आर्चर रन आउट होने से बचे। दो रन लेने की लालच में टीम को झटका लग सकता था।

राजस्थान 103/6, ओवर 15: महेंद्र सिंह धोनी ने गेंदबाजी में बदलाव करते हुए शार्दुल ठाकुर को बुलाया। ओवर की आखिरी गेंद पर ठाकुर ने युवा रियान को विकेट के पीछे कैच करवाया। उनकी आईपीएल की पहली पारी 16 रन पर खत्म हुई।

राजस्थान 98/5, ओवर 14: राजस्थान की तरफ से डेब्यू कर रहे रियान प्रयाग ने इमरान ताहिर के इस ओवर में दो चौके हासिल किए हैं। ताहिर ने ओवर की पहली गेंद फुल टॉस डाली जिसे रियान ने शॉट मिडविकेट के उपर से मार कर चौका हासिल किया। तीसरी गेंद पर उन्होंने ताहिर की तरफ जोरदार शॉट लगाया, जिसपर कैच हो सकता था लेकिन युवा बल्लेबाज को मिला चौका

राजस्थान 79/5, ओवर 11:स्टीव स्मिथ आउट जी हां, रविंद्र जडेजा ने राजस्थान को एक और झटका दिया है। राजस्थान की आधी टीम वापस लौट चुकी है और बोर्ड पर लगे हैं 78 रन। ओवर की पांचवीं गेंद पर डीप मिडविकेट की तरफ स्मिथ के स्वीप को रायडू ने लपक लिया। 22 गेंद पर वो 15 रन बनाकर वापस लौटे ।

राजस्थान 71/4, ओवर 9: राजस्थान की टीम का हाल भी कोलकाता जैसा दिख रहा है, फर्क सिर्फ रन का नजर आ रहा है। 9वें ओवर में ही टीम ने अपने चार विकेट खो दिए हैं। रविंद्र जडेजा के ओवर की पांचवीं गेंद पर राहुल त्रिपाठी ने बैकवर्ड प्‍वाइंट की तरफ शॉट खेला केदार जाधव ने छलांग लगाकर उपर से जाती गेंद को रोका और फिर कैच कर लिया। वैसे यह विकेट भी दूसरे प्रयास में ही चेन्नई की झोली में आया।

राजस्थान 54/3, ओवर 6:राजस्थान की शुरुआत भले ही तेज हुई लेकिन पावर प्ले के खत्म होने तक तीन अहम विकेट गिर चुके हैं। संजू सैमसन को मिशेल सैंटनर की गेंद पर (सब्स्टीट्यूट) ध्रुव शौरी ने कैच किया। मिड विकेट की तरफ दौड़ लगाकर आए ध्रुव से यह कैच छिटक गया था लेकिन दूसरे प्रयास में उन्होंने इसे पकड़ ही लिया।

राजस्थान 48/2, ओवर 4: शार्दुल ठाकुर ने चेन्नई के लिए बड़ा विकेट हासिल किया है। जोस बटलर एक्सट्रा कवर पर शॉट लगाने की कोशिश में अंबाती रायडू को अपना कैच दे बैठे। ओवर की चौथी ही गेंद पर ठाकुर को यह कामयाबी मिली। बटलर महज 23 रन की पारी खेलकर आउट हुए।

राजस्थान 35/1, ओवर 3: दीपक चाहर ने एक बार फिर से चेन्नई के लिए शुरुआती विकेट हासिल किया है। अजिंक्य रहाणे के खिलाफ दीपक ने ओवर की पांचवीं गेंद पर LBW की अपील की, फील्ड अंपायर ने नकार दिया। कप्तान धोनी ने DRS लिया और थर्ड अंपायर ने पाया गेंद विकटों से जाकर टकराती। रहाणे 14 रन बनाकर आउट हुए।

राजस्थान 11/0, ओवर 1: राजस्थान के लिए जोस बटलर ने पहले ओवर की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की है। दीपक चाहर की तीसरी गेंद पर उन्होंने मिड विकेट की तरफ चौका लगाया जबकि पांचवीं गेंद को सामने की तरफ खेलकर शानदार छक्का हासिल किया। इस ओवर में कुल 11 रन बने।

चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। आज के इस मुकाबले के लिए दोनों ही टीम में बदलाव किए गए हैं। चेन्नई की टीम में हरभजन सिंह, स्‍कॉट कुग्‍गेलैन की जगह मिशेल सैंटनर और शार्दुल ठाकुर को शामिल किया गया है।

राजस्थान की टीम में संजू सैमसन और जयदेव उनादकट की वापसी हुई है जबकि रियान पराग अपना डेब्यू कर रहे हैं। प्रशांत चोपड़ा, कृष्णप्पा गौतम, एस. मिथुन को बाहर जाना पड़ा है।

 

चेन्नई की टीम का प्लेइंग इलेवन

शेन वॉटसन , फाफ डु प्लेसिस, सुरेश रैना, अंबाती रायडू, महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान, विकेटकीपर), केदार जाधव, रविंद्र जडेजा, दीपक चाहर, मिशेल सैंटनर, शार्दुल ठाकुर और इमरान ताहिर

राजस्थान की टीम का प्लेइंग इलेवन

अजिंक्य रहाणे( कप्तान), जोस बटलर, स्टीव स्मिथ, संजू सैमसन, राहुल त्रिपाठी, बेन स्टोक्स, रियान पराग, जोफ्रा आर्चर, श्रेयस गोपाल, जयदेव उनादकट, धवल कुलकर्णी,

अब के कुछ देर बाद इंडियन टी20 लीग के 25वें मुकाबले में चेन्नई और राजस्थान का मुकाबला होने जा रहा है। यह मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम पर खेला जाएगा।

चेन्नई की टीम इस वक्त 6 में से अपने 5 मुकाबले जीतकर प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर है। वहीं राजस्थान ने 5 में से सिर्फ 1 मैच जीता है और वह इस समय 7वें नंबर पर है।

महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई की टीम ने पिछले मुकाबले में कोलकाता पर शानदार जीत दर्ज की थी। कप्तान अजिंक्य रहाणे की टीम को पिछले मैच में कोलकाता की टीम ने ही हराया था।

दोनों टीमें इससे पहले टूर्नामेंट के 12वें मुकाबले में आमने -सामने हुई थीं। उस मैच में चेन्नई ने 8 रन से जीत दर्ज की थी। चेन्नई ने अपने घर पर खेलते हुए राजस्थान को हराया था लिहाजा जयपुर में रहाणे की टीम जीत हासिल कर हिसाब बराबर करना चाहेगी।