डेविड वॉर्नर का ऑरेंज कैप पर कब्जा, जानिए 10 सालों में कौन-कौन बना सबसे बड़ा 'रन'वीर
डेविड वॉर्नर और क्रिस गेल ने दो बार ऑरेज कैप पर कब्जा किया।

रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान डेविड वॉर्नर को आईपीएल 2017 का सर्वाधिक रन बनाने वाला बल्लेबाज घोषित किया गया। वॉर्नर ने गौतम गंभीर, शिखर धवन और स्टीवन स्मिथ जैसे दिग्गजों को पछाड़ कर दूसरी बार ऑरेंज कैप पर कब्जा किया। वॉर्नर ने 14 मैचों में 58.27 की औसत से 641 रन बनाए। इस सीजन वॉर्नर का स्ट्राइक रेट 141.81 का था, उन्होंने एक शतक और चार अर्धशतक लगाए। वॉर्नर इससे पहले 2015 में भी ऑरेंज कैप जीत चुके हैं। उस सीजन उन्होंने 14 मैचों में 562 रन बनाए थे। वॉर्नर क्रिस गेल के बाद दूसरे ऐसे खिलाड़ी है जिन्हें दो बार ऑरेंज कैप से नवाजा गया है।
खिलाड़ी | टीम | रन | सीजन |
डेविड वॉर्नर | सनराइजर्स हैदराबाद | 641 | 2017 |
विराट कोहली | रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर | 973 | 2016 |
डेविड वॉर्नर | सनराइजर्स हैदराबाद | 562 | 2015 |
रॉबिन उथप्पा | कोलकाता नाइट राइडर्स | 660 | 2014 |
माइकल हसी | चेन्नई सुपर किंग्स | 733 | 2013 |
क्रिस गेल | रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर | 733 | 2012 |
क्रिस गेल | रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर | 608 | 2011 |
सचिन तेंदुलकर | मुंबई इंडियंस | 618 | 2010 |
मैथ्यू हैडन | चेन्नई सुपर किंग्स | 572 | 2009 |
शॉन मॉर्श | किंग्स इलेवन पंजाब | 616 | 2008 |
आईपीएल के इतिहास में ऑरेंज कैप जीतने वाले खिलाड़ी की टीम केवल एक बार ही ट्रॉफी जीत पाई है। वॉर्नर भी 2017 और 2015 दोनों ही सीजन में खिताब जीतने से चूक गए और जब 2016 में उन्होंने आईपीएल ट्रॉफी जीती तब ऑरेंज कैप उनके हाथ से निकल गई। साल 2016 में ऑरेंज कैप विराट कोहली के नाम रही थी। कोहली ने 16 मैचों में 81.08 की औसत से 973 रन बनाए थे। पिछले सीजन कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर उप विजेता रही थी। रॉबिन उथप्पा अकेले ऐसे खिलाड़ी है जिन्होंने ऑरेंज कैप के साथ आईपीएल खिताब भी जीता था। साल 2014 में उथप्पा ने कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से खेलते हुए 16 मैचों में 44 की औसत से 660 रन बनाए थे। उस साल गौतम गंभीर की कप्तानी में कोलकाता टीम ने आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। [ये भी पढ़ें: आईपीएल 2017 फाइनल, लाइव ब्लॉग: मुंबई इंडियंस ने एक रन से राइजिंग पुणे सुपरजायंट को हराया]
आईपीएल 2017 में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज:
खिलाड़ी | टीम | मैच | रन |
डेविड वॉर्नर | सनराइजर्स हैदराबाद | 14 | 641 |
गौतम गंभीर | कोलकाता नाइट राइडर्स | 16 | 498 |
शिखर धवन | सनराइजर्स हैदराबाद | 14 | 479 |
स्टीवन स्मिथ | राइजिंग पुणे सुपरजायंट | 15 | 472 |
सुरेश रैना | गुजरात लायंस | 16 | 442 |
2013 में चेन्नई सुपर किंग्स के माइकल हसी ने ऑरेंज कैप पर कब्जा किया था। उस साल मुंबई इंडियंस ने अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था। क्रिस गेल ने दो साल लगातार ऑरेंज कैप जीती है। साल 2011 और 2012 में गेल आईपीएल के शीर्ष रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। लेकिन दोनों ही साल उनकी टीम खिताब जीतने से चूक गई थी। 2010 आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा रन मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने बनाए थे। 15 मैचों में सचिन ने 47.53 की औसत से 618 रन बनाए थे। इस सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स ने अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था। 2009 में ऑरेंज कैप चेन्नई सुपर किंग्स के मैथ्यू हैडन को मिली थी। वहीं आईपीएल के सबसे पहले सीजन में किंग्स इलेवन पंजाब के शॉन मॉर्श ने केवल 11 मैचों में ही 616 रन बनाकर ऑरेंज कैप पर कब्जा किया था।