एमएस धोनी के खेलने का तरीका अविश्वसनीय: इमरान ताहिर
महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में चेन्नई ने रविवार को राजस्थान टीम को 8 रन से हराया।
चेन्नई सुपर किंग्स के स्पिन गेंदबाज इमरान ताहिर का कहना है कि कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के खेलने का तरीका अविश्वसनीय है। धोनी की अगुवाई में सीएसके ने रविवार को राजस्थान रॉयल्स को हरा आईपीएल में लगातार तीसरी जीत दर्ज की।
मैच में 23 रन पर दो विकेट लेने वाले ताहिर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, “आप उसे (धोनी) अच्छी तरह से जानते हैं क्योंकि उसे अपने ये काम (मुश्किल स्थिति से मैच निकालना) बहुत बार किया है। वो अपने गेम प्लान पर कड़ी मेहनत करता है। वो बहुत ज्यादा मेहनत करता है, मैं ये कहूंगा। अभ्यास सेशन के दौरान भी वो साथी खिलाड़ियों की मदद करता है और हम उसका सम्मान करते हैं।”
ये भी पढ़ें: IPL 2019: पंजाब-दिल्ली के मुकाबले में इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर ने आगे कहा, “जिस तरह से वो खुद को कैरी करता है वो अविश्वसनीय है। वो ज्यादा बोलता नहीं है लेकिन उसे पता है कि टीम का आत्मविश्वास कैसे बढ़ाना है। वो एक अच्छा लीडर है और बहुत अच्छा इंसान है।”
धोनी ने 46 गेंदो पर 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 75 रनों की पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच रहे। चेन्नई की जीत में धोनी के साथ साथ ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो का भी बड़ा योगदान था। ब्रावो ने राजस्थान के खिलाफ आखिरी ओवर में 12 रन बचाए थे।
ये भी पढ़ें: धोनी की पारी, ब्रावो-ताहिर की शानदार गेंदबाजी रही जीत का फैक्टर
ब्रावो के बारे में बात करते हुए ताहिर ने कहा, “मुझे पूरा यकीन है से उसने पहले कई बार इस तरह के हालातों का सामना किया है। इसलिए तो वो डीजे ब्रावो है। उसे पता था कि क्या करना है। अपने प्लान को लेकर वो बेहद स्पष्ट था और उसने टीम के लिए अच्छा किया। हमें उस पर काफी गर्व है।”
ताहिर के साथ राजस्थान के कप्तान अजिंक्य रहाणे और ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने भी धोनी की तारीफ की। स्टोक्स ने कहा, “ये तो जाहिर है एमएस धोनी क्या करता है। वो सर्वश्रेष्ठ फिनिशर्स में से एक है। खासकर कि जब वो ऊपरी क्रम आता है, हर टीम जानती है को वो शुरुआत से क्या करने की कोशिश करेगा। और हमने उसके खिलाफ अटैक करके उसे आउट करने की कोशिश की लेकिन एक कैच छूटा, जिसके लिए किसी को दोष नहीं दे सकते। और दूसरी बार गेंद स्टंप्स पर लगी लेकिन बेल्स नहीं गिरी। ये मैच का बड़ा मूमेंट था।”