×

आईपीएल 10:पुणे सुपरजायंट ने खोला जीत से खाता, मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हराया

कप्तान स्टीवन स्मिथ और अजिंक्य रहाणे ने लगाए अर्धशतक

user-circle cricketcountry.com Written by Anoop Dev Singh
Last Updated on - April 6, 2017 11:56 PM IST

स्टीवन स्मिथ ने नाबाद 84 रन बनाए © AFP
स्टीवन स्मिथ ने नाबाद 84 रन बनाए © AFP

कप्तान स्टीवन स्मिथ के नाबाद 54 गेंद में 84 रन और अजिंक्य रहाणे की 34 गेंद में 60 रन की तेज तर्रार पारी की बदौलत पुणे सुपरजायंट्स ने आईपीएल 10 में अपना आगाज जीत के साथ किया। मुंबई इंडियंस को पुणे सुपरजायंट्स ने 7 विकेट से हराया। मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हार्दिक पांड्या (35), जोस बटलर(38) और नितीश राणा(34) की तेज पारियों की मदद से 8 विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाए थे, जिसे पुणे की टीम ने एक गेंद रहते हासिल कर लिया।

पुणे ने जीता टॉस, फील्डिंग चुनी
सिक्के की बाजी जीती पुणे सुपरजायंट के कप्तान स्टीवन स्मिथ ने और उन्होंने पहले गेंदबाजी चुनी। मुंबई इंडियंस के लिए नई जोड़ी मैदान पर उतरी, पार्थिव पटेल और जोस बटलर ने क्रीज पर कदम रखा और दोनों ने आते ही खुलकर शॉट्स खेले। पहले चार ओवरों में पार्थिव पटेल ने 3 चौके और जोस बटलर ने 2 चौके और 3 छक्के लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिए और दोनों ने 25 गेंदों में 45 रन स्कोरबोर्ड पर टांग दिए। लेकिन इसके बाद पुणे सुपरजायंट के गेंदबाजों ने पलटवार किया। इमरान ताहिर ने पहले पार्थिव पटेल को 19 रन पर पैवेलियन लौटाया और उसके बाद अपने अगले ओवर में 3 गेंद के अंदर रोहित शर्मा और तूफानी अंदाज में खेल रहे जोस बटलर को आउट किया। [ये भी देखें-पुणे सुपरजायंट बनाम मुंबई इंडियंस मैच का स्कोरकार्ड]

मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने सिर्फ 3 रन बनाए वहीं बटलर ने 19 गेंद में 38 रनों की पारी खेली। 16वें ओवर तक क्रीज पर टिके नितीश राणा भी लेग स्पिनर ए़डम जंपा का शिकार हो गए, जिन्होंने 28 गेंद में 34 रन की पारी खेली। मगर क्रीज पर अब भी मुंबई के कायरॉन पोलार्ड मौजूद थे जिन्होंने 17 गेंदों में 27 रन की पारी खेल मुंबई को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन आखिरी ओवर में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने अशोक डिंडा की 6 गेंदों में 4 छक्के और एक चौका लगाते हुए कुल 30 रन बटोर लिए और पुणे सुपरजायंट को 185 रनों का विशाल लक्ष्य दे दिया ।

पुणे सुपरजायंट का करारा जवाब
पुणे सुपरजायंट को बड़े लक्ष्य के लिए जैसी शुरुआत की जरूरत थी वैसी अजिंक्य रहाणे ने दी। मयंक अग्रवाल तो 6 रन पर आउट हो गए लेकिन रहाणे ने कप्तान स्टीवन स्मिथ के साथ मिलकर मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों की धुनाई की। दोनों ने 7 ओवर में 58 रनों की साझेदारी की। इस बीच अजिंक्य रहाणे ने अपने आईपीएल करियर का 25वां अर्धशतक जमाया। 60 रन के निजी स्कोर पर रहाणे पैवेलियन लौट गए लेकिन कप्तान स्मिथ टिके रहे। स्मिथ ने कमजोर गेंदों को बाउंड्री के पार पहुंचाया और साथ ही वो एक-एक, दो-दो रन भी चुराते रहे।

TRENDING NOW

दूसरी ओर बेन स्टोक्स ने भी अपने ही अंदाज में बल्लेबाजी की। स्टीवन स्मिथ ने 37 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। पुणे सुपरजायंट की टीम आसानी से जीत की ओर बढ़ रही थी लेकिन तभी हार्दिक पांड्या ने बेन स्टोक्स को 21 रन पर पैवेलियन भेजकर मुंबई की वापसी करा दी। वापसी इसलिए क्योंकि धोनी क्रीज पर आए तो वो वैसा खेल नहीं दिखा सके जिसके लिए वो जाने जाते हैं। मगर स्मिथ क्रीज पर डटे रहे, आखिरी ओवर में पुणे को 13 रन की जरूरत थी और कायरॉन पोलार्ड गेंदबाजी कर रहे थे ऐसे में स्मिथ ने बिना किसी परेशानी के दो जबर्दस्त छक्के लगाकर एक गेंद रहते अपनी टीम को जीत दिला दी।