×

बांग्लादेश में गेंद लगने से 17 साल के लड़के की मौत

ढाका में दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने के दौरान रफीकुल इस्लाम के सीने में गेंद लगने से मौत हो गई।

user-circle cricketcountry.com Written by Gunjan Tripathi
Last Published on - October 7, 2017 5:00 PM IST

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में क्रिकेट मैच के दौरान गेंद लगने से 17 साल के एक लड़के की मौत हो गई है। शनिवार को 17 साल का रफीकुल इस्लाम बालुर मठ ग्राउंड में खेले जा रहे क्रिकेट मैच में अंपायरिंग कर रहा था। इस दौरान गेंद उसके सीने पर आकर लगी, जिसके बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। रफीकुल को फौरन ढाका मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारी इनामुल हक ने एएफपी से बातचीत में कहा, “कुछ लड़कें मिलकर क्रिकेट खेल रहे थे और ये लड़का अंपायरिंग कर रहा था। गेंद सीने पर लगने के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा।”

पुलिस अधिकारी ने ये भी बताया कि लड़के के परिवार वाले काफी गरीब हैं। रफीकुल के पिता रिक्शा चलाते हैं और मां घर का काम करती हैं। रफीकुल की मौत के बात क्रिकेट के मैदान पर सुरक्षा को लेकर चर्चा एक बार फिर बढ़ गई है। तीन साल पहले ऑस्ट्रेलिया के फिलिप ह्यूज भी इसी तरह की घटना का शिकार हुए थे। सिर पर गेंद लगने के बाद ह्यूज की मौत हो गई थी। जिसके बाद बताया गया कि पुराना हेलमेट पहनने की वजह से ह्यूज के साथ ऐसा हुआ। वहीं मैदान पर अंपायरों की सुरक्षा भी चर्चा का विषय है। पिछले दिनों भारत बनाम श्रीलंका टी20 मैच के दौरान विराट कोहली की गेंद से अंपायर रुचिरिया पल्लियांगुरुगे घायल होते होते बचे थे। [ये भी पढ़ें: रांची टी20 (प्रिव्यू): टीम इंडिया की नजरें जीत के साथ आगाज पर]

TRENDING NOW

हाल ही में पाकिस्तान बनाम श्रीलंका टेस्ट मैच के दौरान गेंद अंपायर नाइजल लॉन्ग के बेहद करीब से निकल गई। कई अंपायर मैदान पर सेफ्टी गीयर पहनकर जाते हैं लेकिन अधिकतर अंपायर ऐसा नहीं करते हैं।