×

दिलीप ट्रॉफी: इंडिया रेड के बाद इंडिया ग्रीन की पारी भी बिखरी

नाथू सिंह ने गुलाबी गेंद का फायदा उठाते हुए इंडिया ग्रीन के 6 बल्लेबाजों को पवेलियन लौटाते हुए अपनी टीम को बढ़त दिलाई

user-circle cricketcountry.com Written by Cricket Country Staff
Last Updated on - August 24, 2016 6:22 PM IST

नाथू सिंह ने पहली पारी में इंडिया ग्रीन के 6 बल्लेबाजों को पवेलियन लौटाया ©AFP
नाथू सिंह ने पहली पारी में इंडिया ग्रीन के 6 बल्लेबाजों को पवेलियन लौटाया ©AFP

दिलीप ट्रॉफी के पहले मुकाबले में गुलाबी गेंद दोनों टीमों के बल्लेबाजों को रास नहीं आ रही है। कल पहले इंडिया रेड के बल्लेबाजों ने हथियार डाले थे तो आज इंडिया ग्रीन के बल्लेबाजों का और बुरा हाल रहा। नाथू सिंह की अगुवाई में इंडिया रेड के गेंदबाजों ने इंडिया ग्रीन को मात्र 151 रनों पर समेट कर पहली पारी में 10 रनों की बढ़त हासिल कर ली। इंडिया रेड के नाथू सिंह ने गुलाबी गेंद का फायदा उठाते हुए 6 विकेट झटक कर विरोधी टीम की कमर तोड़ दी। नाथू सिंह के अलावा कुलदीप यादव ने भी 3 विकेट चटकाए।

इससे पहले आज दोपहर जब इंडिया ग्रीन ने अपने कल के स्कोर 116 पर 7 से आगे खेलना शुरू किया। इंडिया ग्रीन को आज दिन का पहला झटका 139 के स्कोर पर अशोक डिंडा के रूप में लगा। डिंडा 17 रन बनाकर नाथू सिंह का शिकार बने। इसके बाद नाथू ने 140 के स्कोर के स्कोर पर प्रज्ञान ओझा को भी चलता किया। अंतिम विकेट के रूप सौरभ तिवारी के आउट होते ही इंडिया ग्रीन की पारी 151 के स्कोर पर सिमट गई। इंडिया ग्रीन के लिए सबसे ज्यादा 50 रन सौरभ तिवारी ने बनाए जबकि कप्तान सुरेश रैना ने 35 रनों की पारी खेली।

TRENDING NOW

कल पूरे दिन के खेल में कुल 17 विकेट गिरे। पहले इंडिया रेड ऑल आउट हुई तो इंडिया ग्रीन ने भी 7 विकेट गंवाकर खुद के लिए मुश्किल हालात पैदा कर लिये थे। आज के खेल में बारिश ने भी खलल डाला लेकिन इस मैच का नतीजा आने की पूरी संभावना है क्योंकि लगभग डेढ़ दिन के खेल में ही दोनों टीमें अपनी एक-एक पारी खेल चुकी हैं। खबर लिखे जानें तक इंडिया रेड अपनी दूसरी पारी में 25 ओवरों में 1 विकेट खोकर 126 रन बना लिये थे।