×

मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले क्वालिफायर में धोनी का धमाका, जड़ दिए 5 छक्के

धोनी ने 26 गेंद में नाबाद 40 रनों की पारी खेली

user-circle cricketcountry.com Written by Anoop Dev Singh
Last Published on - May 16, 2017 11:02 PM IST

एम एस धोनी © BCCI
एम एस धोनी © BCCI

एम एस धोनी को क्यों बड़े मैच का बड़ा खिलाड़ी कहा जाता है ये मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल के पहले क्वालिफायर में दिखा। एम एस धोनी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ सिर्फ 26 गेंदों में नाबाद 40 रनों की पारी खेली जिसमें उन्होंने एक भी चौका तो नहीं जड़ा लेकिन उनके बल्ले से 5 ताबड़तोड़ छक्के निकले। आईपीएल में बिना चौके के सबसे ज्यादा छक्के लगाने की लिस्ट में धोनी तीसरे नंबर पर हैं। धोनी से आगे नीतीश राणा और संजू सैमसन हैं जिन्होंने बिना कोई चौका मारे 7 छक्के लगाए हैं। दूसरा नंबर डेविड मिलर का है जिनके नाम 6 छक्के हैं।

TRENDING NOW

धोनी ने ऐसे किया धूम-धड़ाका
मुंबई इंडियंस के खिलाफ जब एम एस धोनी ने क्रीज पर कदम रखा तो उस वक्त पुणे का स्कोर 12.4 ओवर में 3 विकेट खोकर सिर्फ 89 रन था। एम एस धोनी ने अपनी पारी का आगाज हमेशा की तरह धीमे अंदाज से किया। धोनी ने लेग स्पिनर कर्ण शर्मा की गेंद पर छक्का तो लगाया लेकिन इसके बाद उन्होंने मुश्किल पिच पर पहले जमने की कोशिश की। 19वें ओवर तक धोनी का स्कोर 18 गेंद पर 14 रन था, लेकिन इसके बाद उन्होंने अपने हाथ दिखाने शुरू किए। धोनी ने 19वां ओवर फेंक रहे मैक्लेनेघन के ओवर में दो लंबे छक्के जमा दिए और फिर आखिरी ओवर फेंकने आए जसप्रीत बुमराह के ओवर में भी उन्होंने दो छक्के जमा दिए। अपनी आखिरी 8 गेंदों पर धोनी ने 26 रन कूटे जिसमें 4 छक्के शामिल थे। ये भी पढ़ें-मुंबई इंडियंस बनाम राइजिंग पुणे सुपरजायंट, पहले क्वालीफायर का स्कोरकार्ड

धोनी की ताबड़तोड़ पारी के दम पर ही राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ आखिरी दो ओवर में 41 रन ठोके जो कि आईपीएल में मुंबई इंडियंस के खिलाफ किसी भी टीम का सबसे बड़ा आंकड़ा है। धोनी ने मनोज तिवारी के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 44 गेंद में 73 रन की साझेदारी की जिसकी वजह से पुणे सुपरजायंट की टीम मुश्किल पिच पर 162 रन का स्कोर खड़ा कर सकी।