×

क्विंटन डी कॉक का अर्धशतक, राजस्थान के सामने 162 रन का लक्ष्य

राजस्थान की कसी हुई गेंदबाजी के सामने मुंबई की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 161 रन का स्कोर खड़ा किया।

user-circle cricketcountry.com Written by Cricket Country Staff
Last Published on - April 20, 2019 5:58 PM IST

इंडियन टी20 लीग के 36वें मुकाबले में राजस्थान की टीम मुंबई के खिलाफ इस सीजन में नए कप्तान स्टीव स्मिथ के साथ मैदान पर उतरी। स्मिथ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। ओपनर क्विंटन डी कॉक ने अर्धशतकीय पारी खेली और मुंबई ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 161 रन का स्कोर खड़ा किया।

डी कॉक ने पिछले मुकाबले में राजस्थान के खिलाफ जहां पारी का अंत किया था ऐसा लगा वहीं से शुरुआत की है। मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान रोहित शर्मा महज 5 रन के स्कोर पर ही अपना विकेट गंवा बैठे। श्रेयस गोपाल की एक गेंद को वह पढ़ने के चूके और उनकी तरफ आसान सा कैच दे दिया।

पढ़ें:- स्मिथ ने टॉस जीत किया पहले गेंदबाजी का फैसला, बटलर बाहर

रोहित का अहम विकेट खोने के बाद मुंबई की टीम को सूर्यकुमार यादव और डी कॉक ने संभाला। सूर्यकुमार ने 33 गेंद पर 34 रन बनाए और डी कॉक के साथ दूसरे विकेट के लिए 97 रन की अहम साझेदारी भी निभाई।

डी कॉक ने राजस्थान के खिलाफ सीजन में दूसरा अर्धशतक बनाया। 34 गेंद पर 6 चौके और 1 छक्का लगाते हुए उन्होंने अपने पचास रन पूरे किए। सूर्यकुमार के साथ मिलकर डी कॉक ने स्कोर को 100 रन के पार पहुंचाया।

108 रन पर यह जोड़ी टूटी जब सूर्यकुमार को स्टुअर्ट बिन्नी ने धवल कुलकर्णी के हाथों कैच करवाया। इसके महज तीन रन बाद डी कॉक भी गोपाल की गेंद पर बेन स्टोक्स को कैच देकर वापस लौट गए। 47 गेंद पर उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के की मदद से 65 रन की पारी खेली।

टीम को सबसे बड़ा झटका जयदेव उनादकट ने कीरोन पोलार्ड को बोल्ड कर दिया। 7 गेंद का सामना करने के बाद वह महज 10 रन ही बना पाए। जोफ्रा आर्चर से मिले जीवनदान के बाद भी हार्दिक पांड्या आज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। पांड्या 15 गेंद पर 23 रन बनाकर आउट हुए। बेन कटिंग ने 9 गेंद पर 13 रन बनाए और आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर टीम के स्कोर को 161 रन तक पहुंचाया।

TRENDING NOW

राजस्थान की तरफ से गोपाल ने 4 ओवर में 21 रन देकर दो विकेट हासिल किए। बिन्नी, आर्चर और उनादकट ने एक-एक विकेट चटकाए।