×

IPL 2022 LSG vs RCB Eliminator Turning Point : जोश हेजलवुड की वापसी, 9 गेंदों पर दिखे कई रंग- लखनऊ के हाथ से यूं फिसल गया मैच

खेल में लम्हे बहुत मायने रखते हैं। एक लम्हे में अरमान बदल जाते हैं, जज्बात बदल जाते हैं। जीतने वाले हार जाते हैं और हारने वाले बाजीगर बन जाते हैं। और इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के एलिमिनेटर मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। मैच बराबरी पर था और रोमांच चरम पर। जीत...

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Published on - May 26, 2022 8:37 AM IST

खेल में लम्हे बहुत मायने रखते हैं। एक लम्हे में अरमान बदल जाते हैं, जज्बात बदल जाते हैं। जीतने वाले हार जाते हैं और हारने वाले बाजीगर बन जाते हैं। और इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के एलिमिनेटर मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला।

मैच बराबरी पर था और रोमांच चरम पर। जीत किसी भी हो सकती थी। असल में यहां से मुकाबले को मोड़ लेना था. और उसने मोड़ लिया रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की ओर। और लखनऊ सुपर जायंट्स देखते ही रह गए। बेंगलोर अब दूसरे क्वॉलिफायर में पहुंच गया है, जहां 27 मई को उसका सामना राजस्थान रॉयल्स के साथ होगा।

लखनऊ की पारी का 19वां ओवर काफी अहम रहा। जोश हेजलवुड के ओवर की उन 9 गेंदों में रोलसकोस्टर जैसा मजा रहा। तराजू के पलड़े की तरह कभी इधर, तो कभी उधर होता रहा। लेकिन जिसे कहते हैं लास्ट स्माइल वह इस ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज की ही रही।

क्या हुआ था
आखिरी दो ओवरों में लखनऊ को जीत के लिए 33 रन चाहिए थे। क्रीज पर कप्तान केएल राहुल मौजूद थे। और उनका साथ दे रहे थे एविन लुईस। राहुल 78 रन पर खेल रहे थे। और लुईस की आक्रामकता का अंदाजा सभी को था। बैंगलोर मजबूत था लेकिन निश्चिंत नहीं। कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने गेंद सौंपी अनुभवी जोश हेजलवुड को। हेजलवुड के लिए दिन बहुत अच्छा नहीं रहा था। तीन ओवरों में 34 रन दे चुके थे।

18.1- बहुत समझदारी भरी गेंद। राहुल खुद को सेट कर चुके थे एक लेंथ बॉल के लिए। लेकिन हेजलवुड ने ऑफ स्टंप के बाहर वाइड लाइन के बिलकुल करीब फुल लेंथ गेंद डाली। राहुल बस उसे गुजरते हुए देखते रहे।

अगली गेंद- वाइड
हेजलवुड ने फिर वही कोशिश की। बल्लेबाज की पहुंच से दूर और वाइड के करीब से गेंद को गुजारने की। इस बार वह चूक गए। लखनऊ के खाते में एक अतिरिक्त रन और गेंद भी।

18.2- एक रन। ऑफ स्टंप के बाहर लो फुल टॉस। राहुल ने उसे लॉन्ग ऑन की दिशा में एक रन के लिए खेल दिया।

18.3- लुईस क्रीज पर। फिर वाइड। हेजलवुड और लुईस दोनों खुद को अनलकी समझेंगे। गेंद लुईस के पैड से जरा सी दूर थी। और लेग स्टंप के बाहर। लुईस ने सोचा होगा कि काश इस पर बल्ला लग जाता तो चार रन हो जाते।

18.3- एक और वाइड
एक बार फिर लेग स्टंप के बाहर। इस बार लुईस ने इसे जाने दिया।

18.3- इस बार ऑफ स्टंप के बार ऑफ कटर गेंद. बल्लेबाज इसे खेल नहीं पाया लेकिन बाई का एक रन चुराने में कामयाब।

18.4- हेजलवुड की अगली गेंद राहुल को। आउट।
लखनऊ की उम्मीदों को लगा बड़ा झटका। ईडन गार्डंस पर शोर देखने वाला था। हेजलवुड भी एक घुटने पर बैठ जश्न मनाने लगे। मुठ्ठियां भींचे वह चिल्ला रहे हैं। शाहबाज अहमद एक कदम हिले और केएल राहुल के इस स्कूप को लपक लिया। यहां सबसे जरूरी थी जंप की टाइमिंग और वह अहमद की शानदार थी। राहुल के चेहरे पर हताशा, निराशा और तमाम तरह की भावनाएं थीं। उन्होंने हाफ सेंचुरी बनाई लेकिन यह उनकी टीम को अगले पड़ाव पर ले जाने के लिए नाकाफी रही। इस लो फुल टॉस गेंद, जो ऑफ स्टंप से बहार थी को उन्होंने अक्रॉस जाकर शॉर्ट फाइन लेग के ऊपर से खेलना चाहा। लेकिन… अहमद की टाइमिंग बहुत अच्छी थी।
केएल राहुल कैच शाहबाज अहमद बोल्ड जोश हेजलवुड 79 (58गेंद 3×4 5×6) स्ट्राइक रेट: 136.2

18.5- एक और विकेट
हेजलवुड ने इस बार क्रुणाल पंड्या को बाहर भेजा। लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए रास्ता बंद हो गया था। स्लो फुल टॉस गेंद थी। क्रुणाल इसे ऑन साइड पर खेलना चाहा। लेकिन वह रफ्तार में चूक गए। बल्ला पहले बंद हो गया और गेंद सीधा गेंदबाज के हाथ में। क्रुणाल का गोल्डन डक

TRENDING NOW

18.6- चौका
दुष्मंता चमीरा ने ओवर की आखिरी गेंद पर चौका लगाया। फुल लेंथ गेंद को उन्होंने लॉन्ग ऑफ की दिशा में खेला। ग्लेन मैक्सवेल ने डाइव लगाकर गेंद को रोकना चाहा। लेकिन छिटक कर बाउंड्री लाइन से जा टकराई।