×

यॉर्कर पर यॉर्कर- सिराज ने आखिरी ओवर में ऐसे किया कमाल, बने जीत के हीरो

सिराज ने आखिरी ओवर में कमाल की गेंदबाजी करते हुए भारतीय टीम को जीत दिलवा दी। उन्होंने संयम बनाए रखा और कैरेबियाई टीम को लक्ष्य से दूर रखा।

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - July 23, 2022 6:33 AM IST

पोर्ट ऑफ स्पेन: भारत ने वेस्टइंडीज को वनडे सीरीज के पहले मैच में तीन रन से हरा दिया। आखिरी ओवर में वेस्टइंडीज को जीत के लिए 15 रन चाहिए थे। लेकिन मोहम्मद सिराज ने संयम कायम रखा और भारत को तीन रन से जीत दिला दी। क्वींस पार्क ओवल की पिच पर तीन साल बाद कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला हो रहा था लेकिन रोमांच में कोई कमी नहीं थी। भारत ने शिखर धवन और शुभमन गिल की पारियों की मदद से 308 रन बनाए थे। और वेस्टइंडीज के लिए रोमारियो शेपर्ड 21 गेंद पर 31 और अकील हुसैन 30 गेंद पर 32 रन बनाकर क्रीज पर थे।

ऐसे में सिराज पर बड़ी जिम्मेदारी थी। आइए देखते हैं उन्होंने इसे निभाया और टीम इंडिया को सीरीज में 1-0 से बढ़त दिलवाई।

पहली गेंद- सिराज की यह गेंद हुसैन को थी। उन्होंने ऑफ स्टंप के बाहर वाइड यॉर्कर फेंकी। बल्लेबाज ने इस पॉइंट की दिशा में खेलना चाहा लेकिन वह सफल न हो सका। नतीजा, कोई रन नहीं।

दूसरी गेंद- लेग बाई का एक रन। हुसैन ने गेंद को रैंप करने की कोशिश की। जब पैर लेग स्टंप से ऑफ स्टंप की ओर आया तो गेंद उनके टखने पर लगी और पॉइंट की ओर गई।

तीसरी गेंद- चौका- वेस्टइंडीज को इसकी जरूरत थी। सिराज ने शेपर्ड को यॉर्कर फेंकी। गेंद ने बल्ले का अंदरूनी किनारा लिया। और फाइन लेग की दिशा में चौके के लिए गई।

चौथी गेंद- 2 रन- एक और यॉर्कर। सिराज बहुत सटीकता से यॉर्कर फेंक रहे थे। एक के बाद एक। बल्लेबाज ने अपने लिए जगह बनाई। सिराज ने उन्हें फॉलो किया। शेपर्ड ने लॉन्ग लेग की दिशा में शॉट खेला। प्रसिद्ध कृष्णा का नॉन-स्ट्राइकर की दिशा में सीधा थ्रो।

अब दो गेंद पर 7 रन चाहिए थे। अब गलती की कोई गुंजाइश नहीं थी। यहां से वापसी करना थोड़ा मुश्किल होता है।

पांचवीं गेंद- वाइड का एक रन। बल्लेबाज ने जगह बनानी चाही। सिराज ने उन्हें फॉले किया लेकिन गेंद ज्यादा ही बाहर चली गई। सैमसन ने अपने बाएं ओर छलांग लगाते हुए गेंद को चार रन के लिए जाने से रोका।

पांचवीं गेंद – एक और यॉर्कर। ऑफ स्टंप के बाहर। शेपर्ड ने दो रन पूरे किए।

अब आखिरी गेंद पर 5 रन चाहिए थे। कैरेबियाई बल्लेबाज क्या इसे पूरा कर पाएंगे।

सिराज शेपर्ड को- एक और यॉर्कर। सिराज की दोनों टांगों के बीच में से गेंद विकेटकीपर के दस्तानों में गई। सिर्फ एक रन।

भारत ने मैच 3 रन से अपने नाम किया।

वेस्टइंडीज की लगातार 7वीं वनडे हार
भारतीय टीम का क्वींस पार्क के मैदान पर अच्छा रिकॉर्ड और बेहतर हुआ। भारत ने यहां खेले पिछले नौ मैचों में से 8 में जीत हासिल की थी। एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। वेस्टइंडीज से भारत आखिरी बार यहां 2006 में हारा था। वहीं वेस्टइंडीज की टीम का इस फॉर्मेट में खराब रिकॉर्ड जारी है। टीम लगातार सातवां वनडे हारी है।

TRENDING NOW

धवन-गिल का दम
शुभमन गिल और शिखर धवन की शतकीय साझेदारी के बाद अपने गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के दम पर भारत ने आखिरी गेंद तक खिंचे बेहद रोमांचक पहले एक दिवसीय क्रिकेट मैच में वेस्टइंडीज को तीन रन से हरा दिया। गिल के 64 और कप्तान धवन के 97 रन की मदद से भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 308 रन बनाए।