×

राहुल त्रिपाठी की धमाकेदार पारी के दम पर पुणे सुपरजायंट ने कोलकाता को हराया

अंक तालिका में पुणे सुपरजायंट तीसरे नंबर पर पहुंची

user-circle cricketcountry.com Written by Anoop Dev Singh
Last Updated on - May 3, 2017 11:45 PM IST

राहुल त्रिपाठी की तूफानी पारी ने दिलाई पुणे को जीत © BCCI
राहुल त्रिपाठी की तूफानी पारी ने दिलाई पुणे को जीत © BCCI

आईपीएल 10 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट का शानदार प्रदर्शन जारी है। आईपीएल के 41वें मुकाबले में पुणे सुपरजायंट ने मजबूत कोलकाता नाइट राइडर्स को 4 विकेट से हरा दिया। कोलकाता ने पुणे को 156 रनों का लक्ष्य दिया था जिसे पुणे सुपरजायंट ने 19.2 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। पुणे सुपरजायंट की जीत के हीरो रहे ओपनिंग बल्लेबाज और अपना पहला आईपीएल खेल रहे राहुल त्रिपाठी। त्रिपाठी ने 52 गेंदों में 93 रन की पारी खेली। पुणे की ये इस सीजन में सातवीं जीत है और इसके साथ ही वो 14 अंकों के साथ अंक तालिका में तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। सनराइजर्स हैदराबाद 13 अंकों के साथ चौथे नंबर पर लुढ़क गई है।

राहुल त्रिपाठी की जबर्दस्त बल्लेबाजी

कोलकाता के 155 रनों के जवाब में पुणे की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही, रहाणे दूसरे ही ओवर में 11 रन पर उमेश यादव का शिकार हो गए। मगर दूसरी छोर पर खड़े राहुल त्रिपाठी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर कोलकाता को हैरान कर दिया। त्रिपाठी ने कूल्टर नाइल के ओवर में तीन चौके और दो छक्के लगाकर सभी का दिल जीत लिया। त्रिपाठी ने उमेश यादव को भी नहीं बख्शा और उनके दूसरे ओवर में एक छक्का और एक चौका जड़ दिया। त्रिपाठी की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के बीच पुणे के कप्तान स्टीवन स्मिथ सिर्फ 9 रन पर आउट हो गए। स्मिथ चले गए लेकिन राहुल त्रिपाठी की आक्रामकता कम नहीं हुई उन्होंने पुणे के स्कोर को 6 ओवर में 74 रनों तक पहुंचा दिया। ये भी पढ़ें- आईपीएल 10, मैच 41, राइजिंग पुणे सुपरजायंट बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स का स्कोर कार्ड

TRENDING NOW

दूसरे छोर पर पुणे सुपरजायंट के विकेट गिरते रहे, मनोज तिवारी 8, बेन स्टोक्स 14 और धोनी सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए लेकिन त्रिपाठी विकेट पर टिके रहे और उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों में अपना पहला आईपीएल अर्धशतक पूरा किया।
अर्धशतक पूरा करने के बाद राहुल त्रिपाठी और खतरनाक हो गए, उन्होंने 13वें ओवर में चाइनामैन कुलदीप यादव की 3 गेंदों में लगातार 3 छक्के लगा दिए। हालांकि राहुल त्रिपाठी अपने शतक से चूक गए और 52 गेंदों में 93 रन बनाकर आउट हो गए। त्रिपाठी ने अपनी पारी में 9 चौके और 7 छक्के लगाए। आखिर में पुणे को 6 गेंदों पर 5 रन की जरूरत थी जिसे डेन क्रिश्चन ने छक्का लगाकर आसानी से हासिल कर लिया। पुणे सुपरजायंट ने 4 विकेट से जीत हासिल कर ली।