×

देखें वीडियो- क्विंटन डि कॉक ने उठाया मौके का पूरा फायदा, ठोका शानदार शतक

डिकॉक को मौका देना कोलकाता की टीम को बहुत भारी पड़ा। उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए अपना पहला शतक लगाया।

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Published on - May 18, 2022 9:23 PM IST

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अहम मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के सलामी बल्लेबाज क्विंटन डि कॉक ने कमाल कर दिया। बाएं हाथ के इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने इंडियन प्रीमियर लीग 2022 में अपनी पहली सेंचुरी जड़ दी। यह डि कॉक के आईपीएल करियर का दूसरा शतक था।

आंद्रे रसल की गेंद पर पॉइंट पर कट शॉट लगाकर डिकॉक ने सिर्फ 59 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। रसल की यह गेंद पांचवें स्टंप पर थी। डि कॉक के पास कट करने की जगह नहीं थी लेकिन वह पीछे हुए और खुद रूम बनाया और गेंद को बाउंड्री की दिशा में खेल दिया।

डिकॉक ने रफ्तार शुरू से तेज थी। उन्होंने 36 गेंद पर अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की। अपनी हाफ सेंचुरी में उन्होंने चार चौके और दो छक्के लगाए थे। इसके बाद उन्होंने गियर बदला और तेजी से रन बनाने शुरू किए। अगले 50 रन उन्होंने 23 गेंद पर बनाए।

कप्तान केएल राहुल ने इस मैच में बैक सीट ली। उन्होंने हाफ सेंचुरी जडी़। राहुल ने 51 गेंद पर तीन चौके और चार छक्कों की मदद से नाबाद 68 रन बनाए।

लखनऊ की टीम ने इस मैच में कोई विकेट नहीं खोया। बिना किसी नुकसान के उसने 210 रन का बड़ा स्कोर बनाया। डिकॉक ने 200 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हुए 70 गेंद पर 140 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 10 चौके और इतने ही छक्के लगाए।

TRENDING NOW

अपनी पारी के दौरान डिकॉक को तीन मौके मिले। तीसरे ओवर में उमेश यादव की गेंद पर अभिजीत तोमर ने उनका कैच छोड़ दिया। उस समय वह 12 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके बाद सुनील नरेन की गेंद पर विकेटकीपर ने कैच टपका दिया। हालांकि यह बहुत मुश्किल मौका था। इसके बाद नीतीश राणा ने भी डिकॉक को एक जीवनदान दिया।