Advertisement

सैयद मुश्‍ताक अली ट्रॉफी: झारखंड की जीत में चमके विराट सिंह और मोनू

सैयद मुश्‍ताक अली ट्रॉफी: झारखंड की जीत में चमके विराट सिंह और मोनू

झारखंड की ओर से रखे गए 159 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी दिल्‍ली की टीम 5 विकेट पर 155 रन ही बना सकी।

Updated: February 21, 2019 4:09 PM IST | Edited By: Kamlesh Rai
विराट सिंह (नाबाद 70) के अर्धशतक के बाद मध्‍यम गति के तेज गेंदबाज मोनू कुमार के अंतिम ओवर में बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर झारखंड ने दिल्‍ली को 3 रन से हराकर सैयद मुश्‍ताक अली ट्रॉफी 2019 में जीत से शुरुआत की है।

झारखंड की ओर से रखे गए 159 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी दिल्‍ली की टीम 5 विकेट पर 155 रन ही बना सकी। दिल्‍ली की ओर से ध्रुव शौरी ने सबसे अधिक 70 रन बनाए। इस जीत से झारखंड को पूरे 4 अंक मिले।

ध्रुव शौरी ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान 55 गेंदों पर सात चौके और दो छक्‍का लगाया। झारखंड की ओर से अनुभवी स्पिनर शाहबाज नदीम और राहुल शुक्‍ला ने दो-दो जबकि मोनू कुमार ने एक विकेट लिया।

इससे पहले दिल्‍ली के कप्‍तान इशांत शर्मा ने टॉस जीतकर इशान किशन की कप्‍तानी वाली झारखंड टीम को पहले बल्‍लेबाजी का न्‍यौता दिया। झारखंड ने विराट सिंह के अर्धशतक के दम पर 20 ओवर में 4 विकेट पर 158 रन बनाए।

विराट सिंह ने 49 गेंदों पर 8 चौके और 1 छक्‍का लगाया। ओपनर आनंद सिंह ने 37 जबकि इशांक जग्‍गी ने 24 रन की पारी खेली। दिल्‍ली की ओर से सुबोध भाटी ने सबसे अधिक दो विकेट लिए जबकि ललित यादव और पवन नेगी के खाते में एक-एक विकेट गया।
Advertisement
Advertisement