×

Virat Kohli RCB vs GT: गेंदबाज से टकराकर जमीन पर लेटे कोहली, थम गईं फैंस की सांसें

विराट कोहली रन लेने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। मैदान पर तेजी से दौड़ना और विपक्षी टीम पर दबाव बनाना यह उनकी रणनीति का हिस्सा है। कोहली ने गुरुवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में भी ऐसा ही किया।

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Published on - May 20, 2022 7:57 AM IST

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (Royal Challengers Bangalore) की टीम प्लेऑफ की रेस में कायम है। गुरुवार को उसने अंक तालिका में चोटी पर कायम गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) को 8 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही वह 16 अंकों के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है। बैंगलोर की टीम के लिए अच्छी बात रही विराट कोहली (Virat Kohli) का रंग में लौटना। टीम के पूर्व कप्तान ने 73 रन की पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच रहे। कोहली के संयम और ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) के आक्रमण की मदद से बैंगलोर की टीम ने 166 रन के लक्ष्य को 18.4 ओवर मे ही हासिल कर लिया।

कोहली की फॉर्म को लेकर सवाल उठ रहे थे लेकिन उन्होंने अपना पुराना रंग दिखाया। टीम इंडिया के इस पूर्व कप्तान ने कुछ अच्छे शॉट लगाए। कोहली ने कुल 54 गेंदों का सामना किया और आठ चौके और दो छक्के लगाए। हालांकि इस बीच एक ऐसा भी मौका आया जब कोहली को लेकर फैंस फिक्रमंद हो गए थे।

क्या हुआ था?
पारी के नौवें ओवर की दूसरी गेंद थी। फाफ डु प्लेसिस (Faf Du Plessis) ने इस गेंद को लॉन्ग ऑफ की दिशा में खेला। बल्लेबाज दो रन के लिए भाग पड़े। मैदान पर कोहली की फुर्ती का कोई सानी नहीं। वह तेजी से गेंदबाजी वाले छोर पर पहुंच रहे थे। इस प्रयास में कोहली जाकर गेंदबाज से टकरा गए। साई किशोर थ्रो पकड़ने के लिए लगातार पीछे हो रहे थे। कोहली अपना बल्ला किसी तरह क्रीज में पहुंचाना चाहते थे। दोनों के बीच जबर्दस्त टक्कर हुई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कोहली थोड़ी देर के लिए जमीन पर सीधे लेट गए। हालांकि कोहली ने जल्द ही मोर्चा संभाल लिया। इस समय कोहली 42 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे।

बेंगलोर की उम्मीदें कायम
इस जीत के साथ ही बेंगलोर ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। अब उसकी नजरें दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले मुकाबले पर टिकी हैं। अगर दिल्ली यह मुकाबला जीत जाएगी तो बेहतर रनरेट के आधार पर वह प्लेऑफ में जगह बना लेगी। बेंगलोर की टीम के लिए जरूरी है मुंबई इंडियंस जीत के साथ सीजन को खत्म करे।

TRENDING NOW

विराट कोहली रन लेने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। मैदान पर तेजी से दौड़ना और विपक्षी टीम पर दबाव बनाना यह उनकी रणनीति का हिस्सा है। कोहली ने गुरुवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में भी ऐसा ही किया।