×

एडम जंपा के जाल में फंसे एम एस धोनी, ऐसे लिया विकेट: वीडियो

गुवाहाटी टी20 में 13 रन बनाकर आउट हुए धोनी

user-circle cricketcountry.com Written by Anoop Dev Singh
Last Published on - October 10, 2017 8:35 PM IST

 © Getty Images
© Getty Images

टीम इंडिया जब भी मुसीबत में होती है तो फैंस को उम्मीद रहती है कि एम एस धोनी रन बनाएंगे और मझधार में फंसी नाव को पार लगाएंगे। गुवाहाटी टी20 में भी हालात कुछ ऐसे ही थे। टीम इंडिया 5वें ओवर तक 4 विकेट गंवा चुकी थी लेकिन एम एस धोनी संकट में फंसी टीम को नहीं बचा सके। धोनी इस मैच में सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गए। धोनी जल्दी आउट हुए इसका टीम इंडिया के फैंस को कोई मलाल नहीं है, मलाल है तो उनके आउट होने के तरीके पर। एम एस धोनी को एडम जंपा ने अपनी फिरकी के जाल में फंसा कर स्टंप आउट किया। इस तरह धोनी कभी अपने करियर में आउट नहीं हुए थे।

एम एस धोनी फंस गए जाल में
भारतीय पारी के दसवें ओवर में एम एस धोनी ने एडम जंपा की गेंद पर चौका लगाया। मगर इसके बाद जंपा ने वापसी की। उन्होंने धोनी को अगली गेंद ऑफ स्टंप के बाहर यॉर्कर लाइन पर डाली। इसके बाद धोनी ने जंपा पर आगे बढ़कर दबाव बनाने की कोशिश की लेकिन जंपा ने गेंद वाइड फेंक दी। मगर धोनी किसी तरह क्रीज पर पहुंच गए। अगली गेंद पर धोनी ने फिर जंपा को आगे बढ़कर खेलने की कोशिश की लेकिन इस बार जंपा ने धोनी को छका दिया। धोनी जंपा की लेग स्पिन को पढ़ नहीं सके और विकेटकीपर टिम पेन ने धोनी को स्टंप आउट कर दिया। टी20 में पहली बार शून्य पर आउट हुए विराट कोहली 


अपने टी20 करियर में धोनी पहली बार स्टंप आउट हुए। धोनी ने आगे बढ़कर जिस तरह से गैर जिम्मेदाराना शॉट खेला उससे क्रिकेट फैंस काफी निराश दिखाई दिए। एम एस धोनी को आउट करने के बाद जंपा ने अपने अगले ओवर में केदार जाधव को भी बोल्ड किया। जंपा की गेंद पर केदार ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन जंपा ने गुगली गेंद फेंक उनकी स्टंप उड़ा दी। जंपा ने अपने 4 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट झटके।