एशिया में सबसे तेज 100 टेस्ट विकेट लेने वाले चौथे भारतीय तेज गेंदबाज बने ईशांत शर्मा
भारत बनाम इंग्लैंड चेन्नई टेस्ट में कीटन जेन्निंग्स का विकेट लेते ही हासिल किया कीर्तिमान, एशिया में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले 12वें भारतीय भी हैं ईशांत।

भारत बनाम इंग्लैंड पांचवे टेस्ट के टीम इंडिया में वापसी कर रहे तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने चेन्नई टेस्ट में भारत को पहली सफलता दिलाई। ईशांत ने इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज कीटन जेन्निंग्स को एक रन के स्कोर पर पवेलियन वापस भेजा। चेपॉक टेस्ट में इंग्लैंड ने टेस्ट जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और एलिस्टेयर कुक के साथ कीटन जेन्निंग्स मैदान पर उतरे। वहीं भारतीय कप्तान विराट कोहली ने गेंद ईशांत शर्मा को थमाई। ईशांत ने मैच के छठवें ओवर में ही मात्र सात के स्कोर पर इंग्लैंड टीम को पहला झटका दिया। ओवर की तीसरी गेंद कीटन के बल्ले से लगकर सीधे कीपर पार्थिव पटेल के दस्तानों में आ गई और कीटन को पवेलियन लौटना पड़ा। ये भी पढ़ें: जब सचिन तेंदुलकर-वीरेंद्र सहवाग ने इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई टेस्ट में लिखी थी जीत की पटकथा
लंबे समय के बाद टीम में वापसी कर रहे ईशांत ने आते ही एक बेहतरीन रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। कीटन के विकेट के साथ ही वह एशिया में 100 टेस्ट विकेट लेने वाले 12वें भारतीय बन गए हैं। इस सूची में अनिल कुंबले, कपिल देव, भगवत चंद्रशेखर, जहीर खान और रविचंद्रन अश्विन जैसे दिग्गज भारतीय गेंदबाजों का नाम शामिल है। इसके साथ ही ईशांत कपिल देव, जवागल श्रीनाथ और जहीर खान के बाद इस सूची में सबसे तेजी से यह कीर्तिमान हासिल करने वाले चौथे भारतीय तेज गेंदबाज भी है। एशिया में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों मे शीर्ष पर कोच अनिल कुंबले का नाम है। कुंबले ने एशिया में 82 टेस्ट खेले हैं जिनमें उन्होंने कुल 419 विकेट चटकाए हैं। भारत के सफल स्पिनर्स में से एक हरभजन सिंह कुंबले के बाद दूसरे स्थान पर काबिज़ हैं। तीसरे स्थान पर 279 विकेटों के साथ है भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव और चौथे स्थान पर कब्जा किया है भारत के वर्तमान सबसे सफल स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने। अश्विन ने एशिया में अब तक केवल 31 मैच खेले हैं जिनमें उन्होंने 206 विकेट लिए हैं। ये भी पढ़ें: रवींद्र जडेजा ने एलिस्टेयर कुक को पांचवी बार आउट किया
खिलाड़ी | विकेट | मैच | औसत |
अनिल कुंबले | 419 | 82 | 27 |
हरभजन सिंह | 300 | 71 | 32.01 |
कपिल देंव | 279 | 86 | 29.01 |
रविचंद्रन अश्विन | 206 | 31 | 20.54 |
जहीर खान | 164 | 54 | 34.46 |
भगवत चंद्रशेखर | 150 | 35 | 28.78 |
बिशन सिंह बेदी | 143 | 33 | 26.12 |
जवागल श्रीनाथ | 119 | 36 | 26.31 |
विनोद माकड़ | 115 | 28 | 27.23 |
प्रज्ञान ओझा | 113 | 24 | 30.26 |
सुभाष गुप्ते | 105 | 26 | 28.80 |
ईशांत शर्मा | 100 | 39 | 34.22 |
ईशांत चेन्नई टेस्ट में एक और तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की जगह आए हैं। मुंबई में खेले गए चौथे टेस्ट से ईशांत को इसलिए बाहर होना पड़ा था क्योंकि जिस दिन मैच शुरू हो रहा था उसी दिन उनकी शादी भी थी। ईशांत ने हाल ही में बॉस्केटबॉल खिलाड़ी प्रतिमा सिंह के साथ शादी की है। दिल्ली में आयोजित इस समारोह में महेंद्र सिंह धोनी और युवराज सिंह के साथ भारतीय टीम के कई सदस्य शामिल हुए।