×

आंधे रसल के 11 छक्‍कों की मदद से कोलकाता ने चेन्‍नई के सामने जीत के लिए रखा 203 का लक्ष्‍य

रसल 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्‍के के साथ कोलकाता की पारी का अंत किया।

user-circle cricketcountry.com Written by Sandeep Gupta
Last Updated on - April 10, 2018 10:05 PM IST

चेन्‍नई के एमए चिदंबरम स्‍टेडियम पर भारतीय टी20 लीग के पांचवे मुकाबले में कोलकाता ने चेन्‍नई के सामने विशाल 202/6 रन का स्‍कोर बनाया है। कोलकाता की टीम के हीरों आध्रे रसल रहे, जिन्‍होंने 11 छक्‍कों और महज एक चौके की मदद से  महज 36 गेंदों पर टीम के लिए अहम 88 रन बनाए। रसल ने 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्‍के के साथ कोलकाता की पारी का अंत किया।

चेन्‍नई की टीम ने टॉस जीतकर कोलकाता को पहले बल्‍लेबाजी करने का न्‍योता दिया था। कोलकाता की शुरुआत अच्‍छी नहीं रही। बैंगलोर के खिलाफ 17 गेंद पर अर्धशतक बनाकर मैच के हीरो बने सुनील नारायण इस मैच में कुछ खास नहीं कर पाए। चार गेंद पर 12 रन बनाने के बाद बड़ा शार्ट लगाने के चक्‍कर में वो हरभजन सिंह की गेंद पर सुरेश रैना के हाथों लपके गए। क्रिस लिन ने रॉबिन उथप्‍पा के साथ मिलकर पारी को संभाला। 16 गेंद पर 22 रन के निजी स्‍कोर पर क्रिस लिन रवींद्र जड़ेजा की गेंद पर बोल्‍ड हो गए। उथप्‍पा 29(16) तेजी से रन बना रहे थे, लेकिन रन चुराने के चक्‍कर में उन्‍हें सुरेश रैना ने रन आउट कर दिया। चौथे नंबर पर खेलने आए नीतीश राणा 16(14) शेन वाट्सन की गेंद पर महेंद्र सिंह धोनी के हाथों आउट हो गए। रिंकू सिंह 2(4) भी शार्दुल ठाकुर की गेंद पर ड्वेन ब्रावो के हाथों सस्‍ते में ही कैच आउट होकर पवेलियन लौट गए।

TRENDING NOW

10 ओवरों के बाद कोलकाता की टीम का स्‍कोर 89/5 था। जिसके बाद कप्‍तान दिनेश कार्तिक 26(25) ने संभलकर खेलते हुए आंध्रे रसल के साथ पिच पर मोर्चा संभाला। रसल ने तेजी से टीम के लिए रन बटोरे। आंध्रे रसल ने महज 26 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। कार्तिक और रसल के बीच छठे विकेट के लिए 76 रनों की पार्टनशिप हुई। जिसके बाद कार्तिक शेन वाट्सन की गेंद पर एलबीडब्‍ल्‍यू आउट हो गए। उन्‍होंने डीआरएस से अंपायर के फैसले को चुनौती दी, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ। गेंदबाजी में चेन्‍नई के शेन वाट्सन ने अपने चार ओवरों में दो विकेट निकाले। ड्वेन ब्रावो चेन्‍नई के सबसे महंगे गेंदबाज रहे। उन्‍होंने महज तीन ओवरों में ही 50 रन लुटा दिए। हरभजन सिंह, रवींद्र जड़ेजा, शार्दुल ठाकुर को एक-एक विकेट मिला।