×

प्लेऑफ के पहले पुणे सुपरजायंट को लगा तगड़ा झटका, स्टोक्स लौटे स्वदेश

राइजिंग पुणे सुपरजायंट अब पहले क्वालीफायर में मुंबई इंडियन्स से भिड़ेगा जो अंकतालिका में शीर्ष पर रहा।

user-circle cricketcountry.com Written by Press Trust of India
Last Published on - May 15, 2017 11:13 AM IST

राइजिंग पुणे सुपरजायंट © IANS
राइजिंग पुणे सुपरजायंट © IANS

पुणे। राइजिंग पुणे सुपरजायंट के कप्तान स्टीव स्मिथ ने कहा कि किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ करो या मरो वाले मैच में आसान जीत के बाद अब उनकी टीम को प्लेआफ में बेन स्टोक्स की कमी खलेगी। इस मैच के साथ ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीमित ओवर सीरीज खेलने के लिए स्टोक्स इंग्लैंड टीम से जुड़ गए हैं। पुणे का पंजाब के खिलाफ यह मुकाबला एक तरह से नॉकआउट जैसा था लेकिन पुणे ने किंग्स इलेवन को 73 रन पर ढेर करके नौ विकेट से जीत दर्ज की। वह अब पहले क्वालीफायर में मुंबई इंडियन्स से भिड़ेगा जो अंकतालिका में शीर्ष पर रहा। स्मिथ ने कहा, “यह शानदार दिन था। गेंदबाजों ने शानदार भूमिका निभायी। हम पहले कुछ मैचों में उचित संयोजन की तलाश करते रहे। कुछ नए खिलाड़ी आए और अब हमारे पास अच्छी संतुलित टीम है। दूसरे स्थान पर रहना वास्तव में अच्छा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास स्टोक्स के एक दो विकल्प हैं। उसने अब तक बेहतरीन खेल दिखाया और हमारे लिये यह बड़ा नुकसान है। उम्मीद है कि अन्य खिलाड़ी उनकी भरपायी करने की कोशिश करेंगे। ’’ स्मिथ ने कहा कि टॉस ने आज की जीत में अहम भूमिका निभायी। उन्होंने कहा, ‘‘हम भाग्यशाली रहे जो टॉस जीत गये। आज फैसला करना आसान था। शार्दुल ठाकुर और जयदेव उनादकट ने शानदार गेंदबाजी की।’’

TRENDING NOW

किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान ग्लेन मैक्सवेल ने भी कहा कि इस महत्वपूर्ण मैच में टास गंवाना उनकी टीम को भारी पड़ा। उन्होंने कहा, ‘‘टॉस ने अहम भूमिका निभायी। कुछ दिनों की बारिश के बाद पिच में नमी थी। यह केवल परिस्थितियों का सही आंकलन करने से जुड़ा था। हम शुरुआती झटकों से नहीं उबर पाए। हम पिछले पांच मैचों में चार में टॉस नहीं जीत पाए थे। दुर्भाग्य से आईपीएल में टॉस पर काफी कुछ निर्भर होता है।’’