×

महेंद्र सिंह धोनी का करियर अभी आधा भी खत्म नहीं हुआ है: रवि शास्त्री

शास्त्री ने साफ कहा कि धोनी 2019 विश्व के लिए टीम इंडिया की योजनाओं में शामिल हैं।

user-circle cricketcountry.com Written by Press Trust of India
Last Updated on - September 1, 2017 9:27 PM IST

महेंद्र सिंह धोनी © Getty Images
महेंद्र सिंह धोनी © Getty Images

भारतीय टीम के कोच रवि शास्त्री ने महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य को लेकर चल रहे संशय को खत्म करते हुए कहा कि इस स्टार ने अभी अपना ‘आधा प्रदर्शन’ भी नहीं किया है। साथ ही वह इंग्लैंड में होने वाले 2019 विश्व कप के लिये टीम की योजनाओं में पूरी तरह से शामिल हैं। धोनी श्रीलंका के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज में शानदार फार्म में हैं। उन्होंने पिछली तीन पारियों में नाबाद 45, 67 और 49 रन की पारी खेली। शास्त्री ने कहा कि 2019 विश्व कप से पहले भारत प्रयोग करने की नीति अपना रहा है लेकिन 36 वर्षीय धोनी इस योजना में शामिल हैं।

शास्त्री ने पीटीआई से कहा, ‘‘एमएस धोनी का टीम पर काफी ज्यादा प्रभाव है। वह ड्रेसिंग रूम में एक दिग्गज और हैं। वह किसी भी तरीके से या किसी भी तरह से उनका खेल खत्म नहीं हुआ है यहां तक कि उन्होंने अपना आधा खेल भी नहीं खेला है। अगर किसी को ऐसा लगता है कि उनका करियर खत्म हो गया है तो वे गलत हैं। यह खिलाड़ी अभी उन्हें काफी कुछ दिखायेगा।’’ कोच ने कहा कि धोनी लंबे समय तक देश के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर बने रहेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘आप खिलाड़ियों का चयन कैसे करते हो? जब वे अच्छा करते हैं और धोनी देश का सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर है। उनके बल्लेबाजी आंकड़ों को छोड़ भी दो, आपको इसके अलावा क्या चाहिए। सिर्फ इसलिये कि वह इतने वर्षों तक खेल चुका है, आप उसकी जगह किसी को लाने के बारे में सोच रहे हो? ’’ [ये भी पढ़ें: युवराज सिंह के सामने नतमस्तक हुए प्रधानमंत्री, चिठ्ठी भेज की तारीफ]

TRENDING NOW

उन्होंने कहा, ‘‘वह देश में सर्वश्रेष्ठ है। क्या आप सुनील गावस्कर की जगह किसी को लाना चाहते जब वह 36 वर्ष के थे या फिर सचिन तेंदुलकर को हटाना चाहते जब वह 36 साल के थे? धोनी अब भी अपने काम में सर्वश्रेष्ठ है, इसलिये इस तरह की बातों पर सोचने की भी क्या जरूरत है?’’ शास्त्री ने कहा कि प्रयोग और रोटेशन आगे बढ़ने के लिये अहम है क्योंकि भारत अगले विश्व कप से पहले करीब 40 सीमित ओवरों के मैच खेलेगा। उन्होंने चयन के लिये फिटनेस को मुख्य मापदंड बनाने के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा, ‘‘वनडे में हम प्रयोग करेंगे। जीतना हारना इतना मायने नहीं रखेगा। निश्चित रूप से आप जीतने के लिये खेलते हो लेकिन हमें सभी खिलाड़ियों को आजमाना होगा। विश्व कप तक यही चलेगा और एक बार में एक सीरीज पर ध्यान लगाना चाहते हैं।’’ श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में भारत ने कई कॉम्बिनेशन आजमाएं और टीम हम बार सफल रही।