×

अगला आईपीएल सीजन खेल सकते हैं महेंद्र सिंह धोनी

महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने आठवां आईपीएल फाइनल खेला।

user-circle cricketcountry.com Written by Indo-Asian News Service
Last Published on - May 13, 2019 1:02 PM IST

12वें सीजन को महेंद्र सिंह धोनी का आखिरी आईपीएल सीजन मानकर दुखी हो रहे फैंस के लिए खुशखबरी। थाला ने खुद ये कहा है कि वो अगले सीजन भी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते नजर आएंगे। कैप्टन कूल ने 12वें सीजन के फाइनल के बाद अगले साल फिर से खेलने के संकेत दिए हैं।

धोनी की टीम चेन्नई को रविवार को हैदराबाद में हुए फाइनल मुकाबले में मुंबई इंडियंस के हाथों एक रन से हार मिली। सुपर किंग्स आठवीं बार फाइनल में पहुंचे थे। मुंबई ने उसे हराकर चौथी बार खिताब जीता।

पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने मैच के बाद प्रेसेंटेशन धोनी से काफी देर तक बातचीत की। इस दौरान धोनी ने मैच को लेकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। इसी दौरान धोनी ने कहा कि दोनों टीमों ने कई सारी गलतियां कीं और जिस टीम ने एक गलती कम की, उसी की जीत हुई।

ये भी पढ़ें: महेंद्र सिंह धोनी के रन आउट पर फैंस में मतभेद, ट्विटर पर छिड़ी बहस

मांजरेकर ने जब धोनी से ये पूछा कि अगले साल भी वो आईपीएल में वापसी करेंगे तो धोनी रहस्यपूर्ण जवाब देकर चले गए। लंबे इंटरव्यू के बाद मांजरेकर ने जाते-जाते धोनी से कहा, “शानदार सफर रहा। आपको अगले सीजन में फिर से देखने की उम्मीद है।” इस पर धोनी ने कहा, “हां, उम्मीद है।”

कहा जा रहा है कि धोनी इंग्लैंड में 30 मई से होने वाले विश्व कप के बाद संन्यास ले लेंगे लेकिन अब तक उन्होंने किसी तरह का संकेत नहीं दिया है। आईपीएल-12 में उन्होंने चेन्नई के लिए सबसे अधिक रन बनाए और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ढेरों रन बना रहे हैं। उनकी फिटनेस भी काफी अच्छी है। विकेट के पीछे उनकी चपलता आज भी देखते ही बनती है।

ये भी पढ़ें: महेंद्र सिंह धोनी का रन आउट मैच का टर्निंग प्वाइंट था: सचिन तेंदुलकर

TRENDING NOW

ऐसे में धोनी को अगले साल आईपीएल के नए सीजन में फिर से देखा जा सकता है? इस सवाल का जवाब शायद धोनी ही दे सकते हैं।