×

भारत बनाम न्यूजीलैंड: भारत के पक्ष में रिकॉर्ड्स और आंकड़े

आंकड़ों की नजर में भारतीय टीम का पलड़ा भारी है साथ ही दोनों देशों के बीच खेले गए मैचों में ज्यादातर बड़े रिकॉर्ड भारतीय खिलाड़ियों के नाम हैं

user-circle cricketcountry.com Written by Jay Jaiswal
Last Published on - September 19, 2016 6:55 PM IST

दोनों देशों के बीच अब तक खेले गए मुकाबलों में आंकड़े भारतीय टीम के साथ हैं © Getty Images
दोनों देशों के बीच अब तक खेले गए मुकाबलों में आंकड़े भारतीय टीम के साथ हैं © Getty Images

भारत और न्यूजीलैंड 22 सितंबर को कानुपर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में 55वीं बार आमने सामने होंगे। इससे पहले दोनों ही देश आपस में 54 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। भारत के लिए यह 500वां टेस्ट मैच भी होगा। भारतीय टीम इस यादगार टेस्ट मैच को हर हाल में जीतना चाहेगी। जबकि न्यूजीलैंड की टीम पहली बार भारत में टेस्ट सीरीज जीतने के इरादे से आई है। भारत और न्यूजीलैंड दोनों ही टीमों के पास कुछ बेहतरीन खिलाड़ी हैं। ऐसे में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हो सकता है। हालांकि आंकड़ों के लिहाज से भारतीय टीम का पलड़ा किवी टीम पर भारी दिखा देता है। तो आइए नजर डालते हैं इन दोनों देशों के बीच खेले मुकाबलों के आंकड़ों पर।

भारत के पक्ष में आंकड़े:
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम का रिकॉर्ड शानदार है। भारत ने विदेशी धरती पर अपना पहला टेस्ट मैच और पहली टेस्ट सीरीज न्यूजीलैंड के खिलाफ ही जीता था। दोनों देशों के बीच अब तक खेले गए टेस्ट मैचों पर नजर डाले तो भारतीय टीम किवी टीम की तुलना में मजबूत दिखाई देती है। भारत और न्यूजीलैंड ने अब तक कुल 54 टेस्ट मैच खेले हैं, इनमें भारत ने 18 मैच जीते हैं जबकि न्यूजीलैंड के हिस्से में 10 मैच आए हैं। दोनों देशों के बीच खेले गए 26 मैच ड्रॉ रहे हैं।

घरेलू मैदान पर शेर हैं भारतीय टीम:
घरेलू परिस्थितियों में भारतीय टीम को हराना लोहे के चने चबाने जैसा है। न्यूजीलैंड टेस्ट क्रिकेट में अभी तक भारत में कोई भी टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाई है। ऐसे में केन विलियमसन की टीम को सीरीज जीतने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाना होगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर भारतीय टीम के आंकड़ों को देखें तो किवी टीम उनके सामने कही नहीं टिकती। भारत और न्यूजीलैंड ने भारत में कुल 31 टेस्ट खेले हैं, जिनमें न्यूजीलैंड टीम आज तक सिर्फ 2 टेस्ट जीत पाई है। भारत ने न्यूजीलैंड को 13 बार घरेलू मैदान पर शिकस्त दी है, जबकि दोनों के बीच 16 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने इस बेहतरीन रिकॉर्ड को बरकरार रखना चाहेगी। [Also Read: भारत-न्यूजीलैंड के बीच खेले गए 7 ऐतिसाहिक मुकाबले]

न्यूजीलैंड में किवी टीम का पलड़ा भारी:
भारतीय टीम अगर भारतीय पिचों पर शेर हैं तो अपने घरेलू मैदान पर किवी टीम का प्रदर्शन भी शानदार है। दोनों देशों ने न्यूजीलैंड की धरती पर अब तक कुल 23 टेस्ट मैच खेलें हैं जिनमें 8 मैचों में बाजी किवी टीम के हाथ लगी है, तो 5 बार भारतीय टीम ने किवी टीम के खिलाफ जीत हासिल की है। बाकि 10 मैच ड्रॉ रहे हैं। फिलहाल इस रिकॉर्ड का कोई मतलब नहीं है, क्योंकि न्यूजीलैंड की टीम भारतीय मैदान पर भारतीय टीम का सामना करने वाली है। ऐसे में भारतीय टीम के फिर से नंबर 1 बनने के अवसर ज्यादा है। [Also Read: न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज]

रिकॉर्ड्स:

सबसे बड़ा स्कोर:
दोनों देशों के बीच सबसे बड़े स्कोर की बात करें तो ये रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के पास है। न्यूजीलैंड ने वेलिंगटन टेस्ट 2014 में भारत के खिलाफ 8 विकेट पर 680 का स्कोर खड़ा किया था। इस मैच में न्यूजीलैंड के लिए ब्रैंडन मैकुलम ने शानदार तिहरा शतक जमाया था। अगर भारतीय टीम के सबसे बड़े स्कोर की बात करें तो भारत ने अहमदाबाद टेस्ट 1999 में किवी टीम के खिलाफ 583 रनों का स्कोर बनाया था। भारत की ओर से इस मैच में सचिन तेंदुलकर ने दोहरा शतक बनाया था तो सदगोपन रमेश और सौरव गांगुली ने शानदार शतक बनाकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाया था। [Also Read: क्या लोकेश राहुल बरकरार रख पाएंगे शतकों का सिलसिला?]

सबसे कम स्कोर:
दोनों देशों में सबसे कम स्कोर का रिकॉर्ड भारत के नाम है। न्यूजीलैंड ने वेलिंगटन टेस्ट 1976 में भारत को मात्र 81 रनों के स्कोर पर समेट दिया था। इस पारी में रिचर्ड हैडली ने 7 भारतीय बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा था। अगर न्यूजीलैंड के सबसे कम स्कोर की बात करें तो उनका सबसे न्यूनतम स्कोर 94 है जो उन्होंने हैमिल्टन टेस्ट 2002 में बनाया था।

सबसे ज्यादा रन:
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड राहुल द्रविड़ के नाम है। द्रविड़ ने किवी टीम के खिलाफ 15 टेस्ट में 1659 रन बनाए हैं। न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन ब्रैंडन मैकुलम ने बनाए हैं। मैकुलम ने भारत के खिलाफ 10 टेस्ट में कुल 1224 रन बनाए हैं।

सबसे ज्यादा शतक:
सबसे ज्यादा शतकों की बात करते ही सबसे पहले सचिन तेंदुलकर का नाम जेहन में आता है। लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक जमाने का कारनामा राहुल द्रविड़ ने अंजाम दिया है। द्रविड़ ने किवी टीम के खिलाफ 6 शतक जमाए हैं। 4-4 शतकों के साथ ब्रैंडन मैकुलम और सचिन तेंदुलकर दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।

सबसे ज्यादा विकेट:
दोनों देशों में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने का कारनामा रिचर्ड हैडली ने अंजाम दिया है। हैडली ने भारत के खिलाफ 14 टेस्ट मैचों में कुल 65 विकेट चटकाए हैं। 57 और 55 विकेटों के साथ बिशन सिंह बेदी और इरापल्ली प्रसन्ना क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।

TRENDING NOW

सबसे बड़ी साझेदारी:
दोनों देशों के बीच सबसे बड़ी साझेदारी निभाने का रिकॉर्ड भारत के वीनू मांकड़ और पंकज रॉय के नाम दर्ज है। दोनों ने 1956 में चेन्नई टेस्ट में पहले विकेट के लिए 413 रनों की साझेदारी निभाई थी। यह पूरे विश्व में सलामी बल्लेबाजों द्वारा निभाई गई सबसे बड़ी साझेदारी थी। बाद में ये रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के सलामी बल्लेबाजों ग्रीम स्मिथ और नील मेकेंजी ने 2008 में तोड़ा।