×

आईपीएल में छक्कों से बना डाले 390 रन! बन गए नंबर वन

सबसे ज्यादा 65 छक्के लगा चुकी है मुंबई इंडियंस

user-circle cricketcountry.com Written by Anoop Dev Singh
Last Updated on - April 27, 2017 5:57 PM IST

मुंबई इंडियंस © IANS
मुंबई इंडियंस © IANS

इंडियन प्रीमियर लीग के हर सीजन में छक्के-चौकों से मैदान पर खूब धूम-धड़ाका होता है। बल्लेबाज लंबे-लंबे छक्के लगाकर दर्शकों का मनोरंजन करते हैं। आईपीएल के मौजूदा सीजन में भी कुछ ऐसा ही हो रहा है। अबतक खेले गए 30 मुकाबलों में कुल 366 छक्के लग चुके हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कौन सी टीम है जिसने अबतक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाए हैं। क्या आप जानते हैं कि आईपीएल 10 का सिक्सर किंग कौन है? आइए डालते हैं आंकड़ों पर एक नजर

मुंबई इंडियंस है सिक्सर किंग: आईपीएल 10 में छक्के लगाने में सबसे आगे मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज हैं। मुंबई के बल्लेबाज अबतक 8 मुकाबलों में कुल 65 छक्के जड़ चुके हैं, यानि कि प्रति मैच ये टीम 8.1 छक्के लगा रही है। मुंबई इंडियंस छक्कों से ही कुल 390 रन बना चुकी है। मुंबई इंडिंस के लिए सबसे ज्यादा 16 छक्के बाएं हाथ के बल्लेबाज नीतीश राणा ने लगाए हैं। यही नहीं नीतीश राणा अबतक आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं। मुंबई इंडियंस के लिए जोस बटलर ने 14, कायरॉन पोलार्ड ने 11 और हार्दिक पांड्या ने 10 छक्के मारे हैं।

किंग्स इलेवन पंजाब दूसरे नंबर पर: छक्के लगाने के मामले में किंग्स इलेवन पंजाब दूसरे नंबर पर है। पंजाब के बल्लेबाज अबतक कुल 52 छक्के लगा चुके हैं। पंजाब के लिए सबसे ज्यादा छक्के कप्तान ग्लेन मैक्सवेल ने लगाए हैं, जो अबतक कुल 15 छक्के जड़ चुके हैं। हाशिम आमला के बल्ले से 12 और मनन वोहरा ने कुल 8 छक्के लगाए हैं।

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर तीसरे नंबर पर: डीविलियर्स,विराट कोहली और क्रिस गेल जैसे धाकड़ बल्लेबाजों से लैस रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम छक्के लगाने के मामले में तीसरे नंबर पर है। बैंगलोर ने अबतक कुल 46 छक्के लगाए हैं। बैंगलोर के लिए डीविलियर्स ने 12 और क्रिस गेल ने 11 छक्के जड़े हैं। केदार जाधव ने भी 8 छक्के जमाए हैं।

गुजरात लायंस चौथे नंबर पर: छक्के लगाने में गुजरात लायंस की टीम चौथे नंबर पर है। टीम के बल्लेबाजों ने कुल 45 छक्के लगाए हैं। ब्रैंडन मैक्कलम कुल 16 छक्के लगा चुके हैं, जबकि एरन फिंच ने 8 और कप्तान सुरेश रैना के बल्ले से 7 छक्के निकले हैं। ये भी पढ़ें-आईपीएल-10 में अंपायरों के ’10’ गलत फैसले

पुणे-केकेआर 5वें नंबर पर: छक्के लगाने की बात करें तो पुणे सुपरजायंट और कोलकाता नाइट राइ़डर्स संयुक्त रूप से 5वें नंबर पर हैं। दोनों ही टीमों के बल्लेबाजों ने 44-44 छक्के लगाए हैं। केकेआर के लिए सबसे ज्यादा छक्के रॉबिन उथप्पा(13) ने लगाए हैं, जबकि पुणे सुपरजायंट के लिए सबसे ज्यादा छक्के (8) राहुल त्रिपाठी ने जड़े हैं।

सनराइजर्स हैदराबाद छठे नंबर पर: सनराइजर्स हैदराबाद की टीम भले ही आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर रही हो लेकिन छक्के लगाने की अगर बात करें तो वो काफी नीचे छठे नंबर पर है। सनराइजर्स हैदराबाद ने टूर्नामेंट में कुल 38 छक्के जड़े हैं जिसमें सबसे बड़ा योगदान कप्तान डेविड वॉर्नर का है जिनके बल्ले से कुल 10 छक्के लग चुके हैं।

TRENDING NOW

फिसड्डी है दिल्ली डेयरडेविल्स: छक्के लगाने की अगर बात करें तो दिल्ली डेयरडेविल्स सबसे पीछे है। दिल्ली के बल्लेबाजों ने कुल 32 छक्के लगाए हैं। दिल्ली के लिए ऋषभ पंत ने कुल 10 छक्के लगाए हैं जबकि संजू सैमसन के बल्ले से 8 छक्के निकले हैं।